सम्भल के तीन होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने रचा इतिहास, दक्षिण कोरिया के कुक्कीवॉन से हासिल की ब्लैक बेल्ट
ताइक्वांडो के क्षेत्र में सम्भल के तीन होनहार खिलाड़ियों ने शानदार उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। फ्लाइंग
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: ताइक्वांडो के क्षेत्र में सम्भल के तीन होनहार खिलाड़ियों ने शानदार उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। फ्लाइंग जोन इंटरनेशनल एकेडमी के खिलाड़ी अम्मार उल इस्लाम, सुमामा और कर्मिस्ट आर्या ने दक्षिण कोरिया स्थित ताइक्वांडो के वर्ल्ड हेडक्वार्टर कुक्कीवॉन से ब्लैक बेल्ट हासिल की है। इस उपलब्धि के बाद खिलाड़ियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है।
खिलाड़ियों ने बताया कि ब्लैक बेल्ट हासिल करने के लिए उन्होंने लंबे समय तक कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास किया। सुमामा ने कहा कि ताइक्वांडो उन्होंने आत्मरक्षा और सेल्फ कंट्रोल के लिए शुरू किया था। वहीं अम्मार ने बताया कि ताइक्वांडो ने उन्हें शारीरिक रूप से मजबूत होने के साथ अनुशासन भी सिखाया है। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच मास्टर मुहम्मद ताजवर को दिया। कोच मास्टर मुहम्मद ताजवर ने बताया कि वह करीब 30 वर्षों से ताइक्वांडो का अभ्यास और प्रशिक्षण दे रहे हैं। सम्भल में उन्हें प्रशिक्षण देते हुए करीब चार साल हो चुके हैं। उनके अनुसार उनके करियर में करीब 5000 से अधिक बच्चे प्रशिक्षण ले चुके हैं, जिनमें कई खिलाड़ी स्टेट और नेशनल स्तर तक पहुंचे हैं। उनके एक छात्र ने इंटरनेशनल स्तर पर खेलते हुए एशियन गेम्स में पदक भी हासिल किया है। अभिभावकों ने भी बच्चों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि आज के दौर में खासकर बेटियों के लिए आत्मरक्षा बेहद जरूरी है। उनका कहना है कि ताइक्वांडो बच्चों को फिटनेस के साथ अनुशासन और आत्मविश्वास भी देता है। तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे सम्भल को गौरवान्वित किया है।
What's Your Reaction?







