यूपी में रसोइयों के लिए बड़ा सुरक्षा कवच, दो लाख का दुर्घटना बीमा और कैशलेस स्वास्थ्य कार्ड जारी

उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा विभाग और एसबीआई के बीच समझौता। रसोइयों को दो लाख का दुर्घटना बीमा, कैशलेस स्वास्थ्य कार्ड और बढ़े मानदेय का चेक सौंपा गया।

Aug 23, 2026 - 21:16
7 Views
यूपी में रसोइयों के लिए बड़ा सुरक्षा कवच, दो लाख का दुर्घटना बीमा और कैशलेस स्वास्थ्य कार्ड जारी

उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों और उनके परिजनों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग और भारतीय स्टेट बैंक के बीच दो लाख रुपये के दुर्घटना बीमा सुरक्षा कवच को लेकर औपचारिक अनुबंध हुआ। इसके तहत बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थसारथी सेन शर्मा और स्टेट बैंक के मुख्य महाप्रबंधक दीपेश राज ने अनुबंध पत्रों का आदान-प्रदान किया।

समारोह में ग्यारह चयनित रसोइयों को मंच पर कैशलेस चिकित्सा कार्ड, परिधान किट और बढ़े हुए मानदेय का चेक सौंपा गया। सम्मानित होने वाली रसोइयों में सीतापुर से किरन देवी, लखनऊ से आशा तिवारी, गोरखपुर से सुनीता व रेखा देवी, अलीगढ़ से सुदेश देवी व पिंकी देवी, वाराणसी से सरिता दीक्षित, हरदोई से गीता देवी, लखीमपुर खीरी से सीमा सिंह, उन्नाव से खिलाना और रायबरेली से रेखा शामिल रहीं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न योजनाओं और प्राथमिक शिक्षा में किए जा रहे सुधारों से जुड़े स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर योजनाओं की जमीनी प्रगति जानी और मीना मंच के स्टॉल पर छात्राओं के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। इसके साथ ही उन्होंने छह माह के बच्चों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन भी कराया।

इस अवसर पर मध्याह्न भोजन योजना की उपलब्धियों पर केंद्रित एक लघु वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया गया। प्रशासन की इस पहल से प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत कर्मियों को आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा मिलने के साथ उनके जीवन स्तर में सुधार सुनिश्चित होगा।

Also Click : Black Dollar Scam: केमिकल से नोट बदलने और पैसा डबल करने का खेल, खंडाला के रिसॉर्ट से 4 करोड़ नकदी समेत 7 दबोचे गए

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow