यूपी में चक्रवाती तंत्र का असर- 28 से 31 अक्टूबर तक भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट, हरदोई येलो जोन में शामिल
मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी के चक्रवाती तंत्र से यूपी के कई जिलों में भारी बारिश व वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। हरदोई 30-31 अक्टूबर को येलो जोन में रहेगा।
हरदोई। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हो रहे तीव्र चक्रवाती मौसम तंत्र के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में एक बार फिर बेमौसम भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की प्रबल आशंका जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), लखनऊ से प्राप्त आधिकारिक बुलेटिन के आधार पर जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी करते हुए नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दीपाली भार्गव ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने मौसम तंत्र के प्रभाव से प्रदेश में आगामी 28 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक मौसम में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान तेज झोंकेदार हवाओं के साथ मेघगर्जन, तड़ित झंझावात और मूसलाधार बारिश का तीव्र दौर संभावित है।
पूर्वांचल और विंध्य क्षेत्र के जनपदों को विशेष सतर्कता के निर्देश मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर (भदोही), गाजीपुर और बलिया तथा इनके आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों को विशेष सतर्कता वाले जनपदों के रूप में चिन्हित किया गया है।
इसके अतिरिक्त बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या एवं अम्बेडकर नगर जनपदों में भी भारी वर्षा, गरज-चमक और वज्रपात का व्यापक प्रभाव रहने की संभावना है।
चक्रवाती तूफान का मार्ग और मौसमी परिस्थितियां मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्व-मध्य एवं संलग्न दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र तीव्रता प्राप्त कर चक्रवाती तूफान के रूप में परिवर्तित होकर उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह तंत्र उत्तरी आंध्र प्रदेश तथा संलग्न दक्षिणी ओडिशा तटों की ओर अग्रसर है, जिसका असर 28 अक्टूबर से उत्तर प्रदेश के वायुमंडल पर साफ दिखाई देने लगेगा।
हरदोई जनपद 30 और 31 अक्टूबर को 'येलो जोन' में एडीएम दीपाली भार्गव ने स्पष्ट किया कि उक्त मौसमी परिस्थितियों के कारण जनपद हरदोई में 30 और 31 अक्टूबर को मौसम विभाग द्वारा 'येलो जोन' घोषित किया गया है। इन दो दिनों के दौरान जिले के विभिन्न हिस्सों में बादलों की तेज गर्जना, तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश तथा आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
नागरिकों से सुरक्षा एडवाइजरी का पालन करने की अपील प्रशासन ने आम नागरिकों, विशेषकर किसानों और ग्रामीण क्षेत्र के निवासियों से अपील की है कि वे आंधी-तूफान, भारी बारिश और वज्रपात से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। खराब मौसम के दौरान खुले खेतों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें तथा सुरक्षित पक्के भवनों में ही रहें।
What's Your Reaction?

