Deoband: दोस्ती की आड़ में युवक की हत्या: एनकाउंटर की मांग को लेकर हाईवे जाम, प्रदर्शनकारियों पर पुलिस का लाठीचार्ज

गांधी कॉलोनी (हरिनगर) के 18 वर्षीय शिवा की उसके ही दोस्तों ने कथित तौर पर पुरानी रंजिश में सरियों और ईंटों से पीट-पीटकर

Jul 28, 2026 - 22:14
33 Views
Deoband: दोस्ती की आड़ में युवक की हत्या: एनकाउंटर की मांग को लेकर हाईवे जाम, प्रदर्शनकारियों पर पुलिस का लाठीचार्ज
दोस्ती की आड़ में युवक की हत्या: एनकाउंटर की मांग को लेकर हाईवे जाम, प्रदर्शनकारियों पर पुलिस का लाठीचार्ज

देवबंद। गांधी कॉलोनी (हरिनगर) के 18 वर्षीय शिवा की उसके ही दोस्तों ने कथित तौर पर पुरानी रंजिश में सरियों और ईंटों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। सोमवार देर रात उसका शव टीचर कॉलोनी के पीछे खेत में मिला। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव देवबंद पहुंचने पर परिजनों और सैकड़ों लोगों ने हत्यारोपियों के एनकाउंटर की मांग को लेकर सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन को हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। जिसमें एक महिला समेत कई लोग घायल हो गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव भी किया। 
गांधी कॉलोनी निवासी जयप्रकाश का पुत्र शिवा रविवार रात करीब दस बजे अपने चार दोस्तों के बुलाने पर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अभिनंदन भी फॉरेंसिक टीम के साथ देर रात देवबंद पहुंचे। तलाश के दौरान पुलिस को टीचर कॉलोनी के पीछे एक खेत में शिवा का शव पड़ा मिला। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि पूर्व में हुए विवाद और मारपीट की रंजिश में शिवा की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया था। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने शिवा पर सरियों और ईंटों से बेरहमी से हमला किया। उसकी आंखें तक फोड़ दी गईं और सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान थे। घटना से परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव देवबंद पहुंचा तो सैकड़ों लोग शव को लेकर सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे स्थित श्री साईंधाम मंदिर के सामने पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और सत्तापक्ष से जुड़े नेताओं ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी हत्यारोपियों के एनकाउंटर की मांग पर अड़े रहे और नारेबाजी करते रहे। एसएसपी अभिनंदन और एसपी देहात मयंक पाठक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। करीब दो घंटे तक वार्ता विफल रहने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया और हाईवे पर यातायात बहाल कराया। लाठीचार्ज के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। 
वर्जन
मामले में साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना से जुड़े सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अभिनंदन, एसएसपी सहारनपुर। 
चार पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज, एक गिरफ्तार
पुलिस ने मृतक के पिता जयप्रकाश की तहरीर पर जदौडा जट्ट गांव निवासी आदी, शास्त्री चौक निवासी सूर्यांश और गांधी कॉलोनी निवासी आकाश समेत चार के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने एक को गिरफ्तार किया हुआ है।

Also Click : आषाढ़ में समृद्धि, कपि, ऊर्जा और समरस वन स्थापित करेगा वन विभाग, 18 जुलाई को हर विकास खंड में स्थापित होगा समृद्धि वन

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow