Sambhal: सम्भल में दिल दहला देने वाली घटना: 9 वर्षीय बच्ची पर जंगली कुत्तों का हमला, मौके पर मौत।

सम्भल जनपद के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। गांव पोटा निवासी बंटी की करीब 9 वर्षीय

By INA News Desk
Jan 12, 2026 - 11:04
129 Views
Sambhal: सम्भल में दिल दहला देने वाली घटना: 9 वर्षीय बच्ची पर जंगली कुत्तों का हमला, मौके पर मौत।
pic- AI

उवैस दानिश, सम्भल 

सम्भल जनपद के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। गांव पोटा निवासी बंटी की करीब 9 वर्षीय बेटी जिया गौतम जंगली आवारा कुत्तों के हमले का शिकार हो गई। जिया कक्षा तीन की छात्रा थी और गांव के ही सरकारी स्कूल में पढ़ती थी।

रविवार को जिया अपनी मां और दादी के साथ खेत पर गई थी। खेत से लौटते समय मां और दादी आगे निकल गईं, जबकि जिया कुछ दूरी पर पीछे रह गई। इसी दौरान पास के जंगल और श्मशान घाट के आसपास बैठे जंगली आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक जिया पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि कुत्तों की संख्या काफी अधिक थी और उन्होंने बच्ची को चारों ओर से घेर लिया। हमला इतना भयानक था कि जिया का एक हाथ कुत्तों ने पूरी तरह नोच डाला। बच्ची चीखती रही लेकिन कुत्तों के झुंड ने उसे बेरहमी से काट लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जब आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने यह मंजर देखा तो वे दौड़कर मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाकर बच्ची को उनके चंगुल से छुड़ाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बच्ची की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में जंगली और आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक पर गहरी चिंता जताते हुए प्रशासन से तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग की है।

Also Read- Sambhal : राशन डीलर के खिलाफ उग्र हुए लोग, लगाया जाम, महीनों से राशन न देने का आरोप

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow