Sambhal: ओवरलोड और डग्गामार वाहनों पर प्रशासन का शिकंजा, 15 वाहनों के काटे चालान।
सम्भल में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए ओवरलोड वाहनों, डग्गामार गाड़ियों और सड़कों के किनारे
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए ओवरलोड वाहनों, डग्गामार गाड़ियों और सड़कों के किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार और एआरटीओ अमिताभ चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से किया। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
एआरटीओ अमिताभ चतुर्वेदी ने बताया कि शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर अवैध तरीके से खड़े वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अभियान चलाकर उन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई जो नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े थे या चौराहों के आसपास ट्रक और अन्य वाहन खड़े कर यातायात बाधित कर रहे थे। इस दौरान करीब 15 वाहनों के चालान काटे गए हैं और आगे भी यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। डग्गामार वाहनों के संबंध में उन्होंने बताया कि ऐसे वाहनों के खिलाफ भी लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में छह गाड़ियों को बंद कराया गया था। जो प्राइवेट टैक्सियां अवैध रूप से संचालित हो रही हैं, उन्हें बंद कराकर नियमानुसार टैक्सी के रूप में परिवर्तित कराने की प्रक्रिया कराई जा रही है। इसके अलावा ओवरलोड वाहनों पर भी प्रशासन की नजर है। एआरटीओ ने कहा कि ओवरलोडिंग के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की गई है और आगे भी ऐसे वाहनों पर सख्ती जारी रहेगी। प्रशासन के इस अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा और कई चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी गई।
Also Read- Lucknow: मऊ में अंडरपास/ रेल फाटकों की समस्या के समाधान को लेकर मंत्री ए के शर्मा सक्रिय।
What's Your Reaction?











