Hardoi: 30 वर्षों बाद खेताहारी मार्ग पर शुरू हुआ डामर रोड निर्माण, किसान मजदूर संगठन की पहल लाई रंग, ग्रामीणों में खुशी। 

जनपद हरदोई के बघौली क्षेत्र अंतर्गत गोपार पेट्रोल पंप के पास स्थित खेताहारी मार्ग पर वर्षों से चली आ रही समस्या का अंत होता दिखाई दे रहा है।

Jan 8, 2026 - 15:23
26 Views
Hardoi: 30 वर्षों बाद खेताहारी मार्ग पर शुरू हुआ डामर रोड निर्माण, किसान मजदूर संगठन की पहल लाई रंग, ग्रामीणों में खुशी। 
Hardoi: 30 वर्षों बाद खेताहारी मार्ग पर शुरू हुआ डामर रोड निर्माण, किसान मजदूर संगठन की पहल लाई रंग, ग्रामीणों में खुशी। 

हरदोई। जनपद हरदोई के बघौली क्षेत्र अंतर्गत गोपार पेट्रोल पंप के पास स्थित खेताहारी मार्ग पर वर्षों से चली आ रही समस्या का अंत होता दिखाई दे रहा है। लगभग 30 वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़े इस मार्ग पर अब डामर रोड निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। यह उपलब्धि किसान मजदूर संगठन के निरंतर प्रयासों और जनहित में किए गए संघर्ष का परिणाम मानी जा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग लंबे समय से कच्चा था, जिसके कारण बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन जाती थी। इससे स्कूली बच्चों, किसानों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों ने कई बार संबंधित विभागों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन वर्षों तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।

किसान मजदूर संगठन ने इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता देते हुए शासन एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) को प्रार्थना-पत्र सौंपकर मार्ग निर्माण की मांग उठाई। संगठन की सतत पहल और दबाव का असर अब देखने को मिल रहा है। लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर द्वारा भी डामर रोड निर्माण कार्य प्रारंभ होने की पुष्टि की गई है।

इस अवसर पर किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने क्षेत्रवासियों, संगठन के पदाधिकारियों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता जनसहयोग, एकजुटता और संगठन के निरंतर संघर्ष का परिणाम है। संगठन भविष्य में भी किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने किसान मजदूर संगठन के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे वर्षों की प्रतीक्षा के बाद मिली बड़ी राहत बताया है।

Also Read- Hardoi: हरदोई–सांडी रोड पर 8 जनवरी को भारी वाहनों का आवागमन रहेगा प्रतिबंधित।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow