Agra News Today: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर राधा-कृष्ण स्वरूप सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन
शाहगंज स्थित स्वामी लीला शाह सरस्वती शिशु मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर राधा-कृष्ण स्वरूप सज्जा प्रतियोगिता
आगरा। शाहगंज स्थित स्वामी लीला शाह सरस्वती शिशु मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर राधा-कृष्ण स्वरूप सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के सभी भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और विभिन्न मनमोहक राधा-कृष्ण स्वरूपों में सजकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्षा दीपा गोस्वामी, प्रबंधक पंकज जैन, प्रधानाचार्य गिर्राज दीक्षित, सेवा समिति से हेमलता दीक्षित तथा मुख्य वक्ता के रूप में भावना वरदान शर्मा उपस्थित रहीं। अतिथियों ने नन्हे-मुन्ने शिशुओं को आशीर्वाद देकर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का संचालन शिशु वाटिका प्रभारी रश्मि जैन एवं कुमारी ललिता ने किया। आयोजन को सफल बनाने में आचार्य कुमारी सुधा, भूमि, अलका, हेमवती, कुमारी राशि एवं आचार्य विष्णु कांत सहित अन्य आचार्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य नन्हे-मुन्ने भैया-बहनों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मूल्यों से जोड़ना तथा उनमें अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति रुचि और सम्मान की भावना विकसित करना था। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
What's Your Reaction?