Sambhal: भीषण गर्मी में इंसानियत की मिसाल- सईद अख्तर ने परिंदों और राहगीरों के लिए बढ़ाया मदद का हाथ।
भीषण गर्मी के इस दौर में जहां लोग घरों से निकलने में भी परेशान हैं, वहीं सम्भल के सईद अख्तर इंसानियत की एक मिसाल
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: भीषण गर्मी के इस दौर में जहां लोग घरों से निकलने में भी परेशान हैं, वहीं सम्भल के सईद अख्तर इंसानियत की एक मिसाल बनकर सामने आए हैं। तापमान लगातार बढ़ने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, बच्चे स्कूल जाने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं और सड़कों पर निकलना तक मुश्किल हो गया है। ऐसे हालात में सईद अख्तर ने न सिर्फ इंसानों बल्कि बेजुबान परिंदों का भी ख्याल रखने की अनोखी पहल की है।
उन्होंने अपने घर की छत पर परिंदों के लिए पानी और दाने का इंतजाम किया है, ताकि इस तपती गर्मी में उन्हें भी राहत मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे भी अपने घरों, दुकानों और मकानों की छतों पर पानी और दाना रखें, जिससे परिंदों की जान बचाई जा सके। सईद अख्तर ने शहरवासियों से यह भी अनुरोध किया है कि वे अपने आसपास के इलाकों में राहगीरों के लिए ठंडे पानी और शरबत का इंतजाम करें। उनका कहना है कि इस भीषण गर्मी में एक घूंट ठंडा पानी भी किसी के लिए बड़ी राहत बन सकता है और यह एक नेक काम के साथ-साथ पुण्य कमाने का भी जरिया है। उनकी यह पहल समाज में एक सकारात्मक संदेश दे रही है कि मुश्किल समय में इंसानियत और आपसी सहयोग ही सबसे बड़ी ताकत होती है।
What's Your Reaction?









