Sambhal: खाकी से चंद कदमों की दूरी पर दुस्साहस: हयात नगर के प्राचीन मंदिर में चोरों ने तोड़ी गोलक, हजारों की नकदी पार

जनपद सम्भल के हयातनगर थाना क्षेत्र स्थित श्री प्राचीन मंदिर धर्मकूप में चोरों ने दुस्साहस की हदें पार करते हुए मंदिर के बाहर लगे दानपात्र

Jul 25, 2026 - 15:27
49 Views
Sambhal: खाकी से चंद कदमों की दूरी पर दुस्साहस: हयात नगर के प्राचीन मंदिर में चोरों ने तोड़ी गोलक, हजारों की नकदी पार

उवैस दानिश, सम्भल

​जनपद सम्भल के हयातनगर थाना क्षेत्र स्थित श्री प्राचीन मंदिर धर्मकूप में चोरों ने दुस्साहस की हदें पार करते हुए मंदिर के बाहर लगे दानपात्र (गोलक) को निशाना बनाया। चोर रात के अंधेरे में गोलक को तोड़कर उसमें रखी हजारों रुपए की नकदी चुरा ले गए। इस दुस्साहसिक घटना से स्थानीय श्रद्धालुओं में भारी रोष व्याप्त है।

​घटना का खुलासा उस समय हुआ जब स्थानीय निवासी महावीर प्रसाद रोज की तरह दोपहर करीब 3:30 बजे मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर के बाहर लगी गोलक को टूटा हुआ पाया और उसके भीतर की सारी नकदी गायब थी। महावीर प्रसाद ने बताया कि गोलक में लगभग दो से तीन हजार रुपए की राशि मौजूद थी, जो भक्तजनों द्वारा श्रद्धा स्वरूप चढ़ाई गई थी। ​सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह प्राचीन मंदिर थाना हयातनगर से महज 400 मीटर की दूरी पर स्थित है। थाने के इतनी नजदीक पुलिस सुरक्षा घेरे के बीच इस तरह की चोरी होना पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि थाने के पास ही मंदिर सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। ​घटना के तुरंत बाद महावीर प्रसाद ने थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दे दी है। पीड़ित और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों को चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेजा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके और श्रद्धालुओं की आस्था सुरक्षित रह सके।

Also Read- जंतर-मंतर पर CJP प्रदर्शन: महिला प्रदर्शनकारी की जान बचाते समय RAF की असिस्टेंट कमांडेंट सोनिया सहरावत का हाथ टूटा

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow