Sitapur : भरत तिवारी एनकाउंटर की सीबीआई जांच और सोशल मीडिया पर नफरत रोकने के लिए राष्ट्रीय नीति की मांग, आजाद अधिकार सेना ने सौंपा ज्ञापन
संयुक्त ज्ञापन में बिहार के भोजपुर जिले के बिलौटी गांव के निवासी भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की गई है।
सीतापुर में आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर के आह्वान पर जिला अध्यक्ष नवल किशोर मिश्रा के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा गया। इस संयुक्त ज्ञापन में बिहार के भोजपुर जिले के बिलौटी गांव के निवासी भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की गई है। संगठन ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने, पूरी घटना से जुड़े तथ्यों की पारदर्शी तरीके से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
इसके साथ ही ज्ञापन में सोशल मीडिया पर लगातार बढ़ रही नफरत, हिंसा भड़काने वाले बयानों, झूठे प्रचार और आपसी वैमनस्य को रोकने के लिए एक स्पष्ट, पारदर्शी और संविधान के दायरे में राष्ट्रीय नीति बनाने की मांग उठाई गई। संगठन का कहना है कि धर्म, जाति, भाषा, क्षेत्र या किसी भी राजनीतिक विचारधारा के आधार पर नफरत फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए। आजाद अधिकार सेना ने इंटरनेट माध्यमों पर घृणा फैलाने वाली सामग्रियों को तय समय में हटाने, शिकायतों के त्वरित निपटारे, साइबर सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने और नागरिकों को डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने की जरूरत पर जोर दिया। इस अवसर पर चंद्रभान सक्सेना, प्रदीप कुमार माथुर, राजकुमार श्रीवास्तव, आदित्य सिंह, रजत शुक्ला और राजकुमार सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Also Click : Saharanpur : सहारनपुर में यूपी एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में सवा लाख का इनामी कुख्यात अपराधी ललन सिंह ढेर
What's Your Reaction?




