Bajpur : भैंस के बच्चे को टक्कर मारने पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, तीन घायल
मामले के अनुसार, नरेश ने पुलिस को बताया कि दोपहर के समय नन्हे यादव की भैंस के बच्चे को अभिनव अग्रवाल ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए टक्कर मार दी। जब नरेश के भाई अरविंद ने नीलकंठ मंदिर चौराहे पर गाड़ी रो
ब्यूरो चीफ : आमिर हुसैन
बाजपुर के मोहल्ला गांधीनगर वार्ड नंबर 4 में भैंस के बच्चे (लवारे) को थार गाड़ी से टक्कर मारने की बात पर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस मारपीट में तीन लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद दोनों पक्ष अपने समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कानूनी कार्यवाही की मांग की।
मामले के अनुसार, नरेश ने पुलिस को बताया कि दोपहर के समय नन्हे यादव की भैंस के बच्चे को अभिनव अग्रवाल ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए टक्कर मार दी। जब नरेश के भाई अरविंद ने नीलकंठ मंदिर चौराहे पर गाड़ी रोकी, तो आरोपी ने अभद्रता शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद अभिनव ने अपने पिता अक्रूर अग्रवाल और अन्य साथियों को बुला लिया। इन लोगों ने अरविंद पर हमला कर कड़े से उसका सिर फोड़ दिया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। बीच-बचाव करने आई पीड़ित की माता कुसुम और भतीजी स्वाति के साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान दलित समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी भी कोतवाली पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
वहीं, दूसरे पक्ष के अंकुर अग्रवाल ने भी पुलिस को तहरीर दी है। उनका आरोप है कि अरविंद और उसके साथियों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की। जब वे बचाव करने पहुंचे, तो उन पर भी जानलेवा हमला किया गया। अंकुर अग्रवाल ने भी विपक्षियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। कोतवाल नरेश चौहान ने बताया कि पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष कार्यवाही की जाएगी।
What's Your Reaction?









