Ballia News: बलिया में आलू व्यापारी पर जानलेवा हमला, माझी पुल पर बाइक सवारों ने मारी गोली
बैरिया थाना क्षेत्र के माझी पुल के पास गुरुवार रात करीब 10 बजे बाइक सवार दो युवकों ने आलू बेचकर लौट रहे व्यापारी पर
Report - Syed Asif Hussain Zaidi
बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र के माझी पुल के पास गुरुवार रात करीब 10 बजे बाइक सवार दो युवकों ने आलू बेचकर लौट रहे व्यापारी पर फायरिंग कर दी। गोली व्यापारी बबलू कुमार गुप्ता के बाएं जांघ में लगी। घायल को आनन-फानन में सीएचसी बैरिया पहुंचाया गया, जहां से हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार लीला छपरा वार्ड नंबर-4 निवासी बबलू कुमार गुप्ता अपने ड्राइवर रितेश यादव पुत्र दयाशंकर यादव, निवासी छोटका बैजू टोला, सिताब दियर (सारण, बिहार) के साथ ट्रैक्टर से एकमा से आलू बेचकर लौट रहे थे। तभी माझी पुल के पास बाइक से आए दो बदमाशों ने उन पर फायर कर दिया।
घायल के ड्राइवर रितेश यादव ने दोनों आरोपियों की पहचान चांद दियर निवासी अरुण यादव पुत्र राजनाथ यादव और संदीप यादव पुत्र रमाशंकर यादव के रूप में की है। परिजन सुशील कुमार गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
What's Your Reaction?