Hardoi: छात्रावासों की बदहाल व्यवस्था पर CDO सख्त, आकस्मिक निरीक्षण कर दिए सुधार के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल द्वारा समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित अनुसूचित जाति राजकीय बालिका
Hardoi: मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल द्वारा समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित अनुसूचित जाति राजकीय बालिका छात्रावास मन्नापुरवा एवं बाबू जगजीवन राम छात्रावास, मन्नापुरवा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने तथा मच्छरों से बचाव हेतु मच्छर रोधी दवा का छिड़काव कराने के निर्देश जिला समाज कल्याण अधिकारी को दिए गए।
साथ ही सभी तलों पर डस्टबिन रखवाने के भी निर्देश दिए गए। निरीक्षण में पाया गया कि तीनों छात्रावासों में लगे अग्निशमन यंत्रों की गैस समाप्त हो चुकी है, जिस पर तत्काल रिफिलिंग कराने तथा स्टोर रूम में रखी निष्प्रयोज्य सामग्री के निस्तारण के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त परिसर में रिक्त भूमि पर किचन गार्डेन विकसित करने तथा बाउंड्री के किनारे शोभाकारी एवं फलदार वृक्ष लगवाने के निर्देश भी दिए गए। तीनों छात्रावासों में फर्स्ट एड किट उपलब्ध न पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा तत्काल फर्स्ट एड किट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
छात्रावासों में निवासरत बालिकाओं एवं बालकों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई। छात्र-छात्राओं द्वारा मैस संचालन एवं लाइब्रेरी की व्यवस्था कराए जाने का अनुरोध किया गया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया गया कि छात्रावास अधीक्षकों एवं बच्चों से समन्वय स्थापित कर मैस अथवा टिफिन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के समय छात्रावास अधीक्षका सुषुमा देवी, अर्चना विश्वकर्मा, छात्रावास अधीक्षक सौरभ कुमार तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार यादव उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?







