Sambhal: 120 साल पुरानी मस्जिद में नमाज़ को लेकर विवाद, 5 लोगों पर एफआईआर दर्ज
जनपद सम्भल के थाना एंचौड़ा कम्बोह क्षेत्र के गांव माडली समसपुर स्थित करीब 120 साल पुरानी मस्जिद में नमाज़ पढ़ाने की परंपरा
उवैस दानिश, सम्भल
जनपद सम्भल के थाना एंचौड़ा कम्बोह क्षेत्र के गांव माडली समसपुर स्थित करीब 120 साल पुरानी मस्जिद में नमाज़ पढ़ाने की परंपरा को लेकर विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 300 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता का आरोप है कि गांव की इस पुरानी मस्जिद में पिछले लगभग 120 वर्षों से देवबंदी और बरेलवी समुदाय के लोग एक साथ नमाज़ अदा करते रहे हैं। वर्ष 2024 में अज़ान, इमाम के चंदे और भोजन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में समझौता कराया गया था। शिकायत है कि करीब 18 महीने बाद कुछ लोगों ने पुरानी व्यवस्था बदलते हुए नई परंपरा लागू करने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी पक्ष ने उसे मस्जिद में नमाज़ पढ़ाने से रोकने, सामाजिक बहिष्कार करने और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि विवाद के कारण उसका परिवार गांव छोड़ने को मजबूर हो रहा है। पुलिस ने इस मामले में अतीक अहमद, शाने आलम, आमिर, भोले और हाफिज मारूफ को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया है। एफआईआर शुक्रवार को थाना एंचौड़ा कम्बोह में दर्ज की गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी और उसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?




