Sambhal News: 6 हजार मानदेय पर जिला अस्पताल कर्मियों का फूटा गुस्सा, धरना देकर दी काम बंद करने की चेतावनी
जिला चिकित्सालय में तैनात कर्मचारियों के कम मानदेय और समय से वेतन न मिलने के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: जिला चिकित्सालय में तैनात कर्मचारियों के कम मानदेय और समय से वेतन न मिलने के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया गया। राष्ट्रीय दलित पिछड़ा वर्ग भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप सिरसवाल के नेतृत्व में कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कोरोना महामारी जैसे मुश्किल दौर में भी कर्मचारियों ने पूरी जिम्मेदारी से जनता की सेवा की, लेकिन इसके बावजूद उन्हें वर्षों से पर्याप्त मानदेय और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
प्रदीप सिरसवाल ने बताया कि कर्मचारियों को महज ₹6 हजार मानदेय दिया जा रहा है और वह भी समय से नहीं मिलता। उनका कहना है कि रक्षाबंधन जैसे पर्व पर भी कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई। उन्होंने कहा कि अप्रैल 2026 से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को ₹20 हजार मानदेय दिए जाने की घोषणा के बावजूद यहां कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। आरोप है कि मांग उठाने पर कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की धमकी भी दी जाती है। प्रदीप सिरसवाल ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों को निर्धारित दर के अनुसार वेतन और अन्य सुविधाएं नहीं मिलीं तो काम बंद आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नाम उपजिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर वेतन बढ़ाने और कर्मचारियों को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है। उन्होंने साफ कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा और कर्मचारी काम नहीं करेंगे।
What's Your Reaction?







