Hardoi: आत्मा योजना की समीक्षा में डीएम अनुनय झा सख्त, किसानों तक हर योजना का लाभ पहुंचाने के निर्देश
जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में मंगलवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में कृषि तकनीकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) की
हरदोई। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में मंगलवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में कृषि तकनीकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) की शासी निकाय एवं प्रबंध समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कृषि एवं संबद्ध विभागों द्वारा संचालित योजनाओं तथा आत्मा योजना के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, जल संरक्षण, फसल विविधीकरण तथा कृषि यंत्रीकरण के प्रति अधिक से अधिक जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि आत्मा योजना के तहत किसान प्रशिक्षण, भ्रमण कार्यक्रम, किसान गोष्ठियों और तकनीकी प्रदर्शनों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसान नई तकनीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकें।
समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि यंत्रीकरण, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन सहित अन्य कृषि योजनाओं की प्रगति का भी मूल्यांकन किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
डीएम ने किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी जोर दिया। उन्होंने कृषि विभाग को खरीफ और रबी सीजन की तैयारियों, गुणवत्तायुक्त बीज एवं उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता तथा किसानों को समय पर तकनीकी सलाह उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, उप कृषि निदेशक राजेश यादव, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चंद्रा सहित कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Also Click : आषाढ़ में समृद्धि, कपि, ऊर्जा और समरस वन स्थापित करेगा वन विभाग, 18 जुलाई को हर विकास खंड में स्थापित होगा समृद्धि वन
What's Your Reaction?




