Sambhal: बसपा संगठन को मज़बूत करने की कवायद, सम्भल में ज़िम्मेदार कार्यकर्ताओं की अहम बैठक।
जनपद सम्भल में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) संगठन को मज़बूत करने और आगामी चुनावी तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से एक अहम बैठक
उवैस दानिश, सम्भल
जनपद सम्भल में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) संगठन को मज़बूत करने और आगामी चुनावी तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक मुरादाबाद रोड स्थित रंगोली मंडप में सम्पन्न हुई, जिसमें पार्टी के ज़िले व विधानसभा स्तर के सभी ज़िम्मेदार पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए मुरादाबाद मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी डॉ. रणविजय सिंह एडवोकेट ने बताया कि हाल ही में बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्षा और उत्तर प्रदेश की चार बार मुख्यमंत्री रहीं बहन कुमारी मायावती ने लखनऊ में सभी ज़िम्मेदार साथियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्हीं दिशा-निर्देशों को ज़मीनी स्तर पर लागू कराने के लिए यह बैठक बुलाई गई है। डॉ. रणविजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में चल रहे एस.आई.आर (SIR) कार्य के कारण हर विधानसभा क्षेत्र में बूथों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में पार्टी संगठन को नए सिरे से मज़बूत करना ज़रूरी हो गया है। बहनजी के निर्देश पर सेक्टर और बूथ स्तर के संगठन का पुनर्गठन किया जाएगा, ताकि पार्टी की पकड़ हर बूथ तक और अधिक मज़बूत हो सके। उन्होंने बताया कि इस बैठक में विधानसभा कमेटी, ज़िला कमेटी, विधानसभा प्रभारी, भाईचारा कमेटी, बामसेफ से जुड़े पदाधिकारी तथा पूर्व पदों पर रह चुके वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। सभी को संगठन विस्तार और पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर ज़िम्मेदारियाँ सौंपी जाएंगी। बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व के निर्देशों पर एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया और संगठन को बूथ स्तर तक मज़बूत करने पर ज़ोर दिया।
What's Your Reaction?











