Hardoi: अस्तित्व फाउंडेशन के प्रशिक्षण शिविर में कौशल विकास और आत्मरक्षा पर जोर

अस्तित्व फाउंडेशन की अध्यक्ष ऋचा गुप्ता द्वारा नन्हे चौराहा स्थित हैवेल्स शोरूम के ऊपर आयोजित पंचम 15 दिवसीय

Jun 4, 2026 - 17:00
 0  6
Hardoi: अस्तित्व फाउंडेशन के प्रशिक्षण शिविर में कौशल विकास और आत्मरक्षा पर जोर
अस्तित्व फाउंडेशन के प्रशिक्षण शिविर में कौशल विकास और आत्मरक्षा पर जोर

हरदोई। अस्तित्व फाउंडेशन की अध्यक्ष ऋचा गुप्ता द्वारा नन्हे चौराहा स्थित हैवेल्स शोरूम के ऊपर आयोजित पंचम 15 दिवसीय महिला सशक्तिकरण प्रशिक्षण शिविर का चतुर्थ दिवस विभिन्न कौशल विकास गतिविधियों के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। शिविर में प्रतिभागियों को व्यावहारिक एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। 

सिलाई प्रशिक्षण में बच्चों को *बेबी फ्रॉक की कटिंग एवं सिलाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों ने माप लेना, कपड़े की कटिंग करना तथा बेबी फ्रॉक की सुंदर सिलाई करना सीखा। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों में सिलाई कौशल विकसित करना एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। मार्शल आर्ट्स सत्र में प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार की किक्स का अभ्यास कराया गया, जिनमें *डॉलीयो किक, आउट-टू-इन किक, इन-टू-आउट किक तथा पुश किक* शामिल थीं। साथ ही प्रतिभागियों को स्ट्रेचिंग एवं टाइमिंग अभ्यास भी कराया गया। सत्र के अंतिम चरण में  सिंगल पंच, डबल पंच, हेड ब्लॉक तथा साइड पंच* जैसी पंचिंग तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के समापन पर सभी प्रतिभागियों को कूल-डाउन एक्सरसाइज कराई गई तथा आत्मरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

मेहंदी प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को पेंसिल वर्क द्वारा छोटी-छोटी बूटियां बनाना सिखाया गया। इसके अतिरिक्त अरबी बेल डिज़ाइन की विभिन्न आकर्षक शैलियों का अभ्यास कराया गया, जिससे उनकी रचनात्मकता एवं कलात्मक कौशल में वृद्धि हुई। ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को थ्रेडिंग (भौंहें) एवं अपर लिप करने की विधि सिखाई गई। साथ ही चेहरे पर थ्रेड (धागा) चलाने की सही तकनीक का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा एवं सौंदर्य सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई। ढोलक प्रशिक्षण के अंतर्गत बच्चों को ढोलक पर ढाप लेने की विधि सिखाई गई। प्रशिक्षण के दौरान ढोलक पकड़ने का सही तरीका, हाथों की स्थिति तथा ताल के अनुसार ढाप लेने का अभ्यास कराया गया। साथ ही टंकी एवं मंजीरे के साथ संगत करने का अभ्यास भी कराया गया, जिससे बच्चों में लय, ताल एवं संगीत के प्रति रुचि का विकास हुआ।

डांस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को लोकप्रिय गीत "ऑल इज़ वेल"* पर नृत्य का अभ्यास कराया गया। साथ ही विभिन्न डांस स्टेप्स, ताल-लय एवं भाव-भंगिमाओं का प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों ने समूह नृत्य की तकनीकों का अभ्यास करते हुए आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुति को बेहतर बनाने का प्रयास किया। इससे उनकी रचनात्मकता, शारीरिक संतुलन एवं मंच प्रदर्शन क्षमता का विकास हुआ।

इस अवसर पर अस्तित्व फाउंडेशन की उपाध्यक्ष लक्ष्मी गुप्ता ने कहा कि शिविर में उपस्थित महिलाओं एवं बच्चों ने सभी प्रशिक्षण सत्रों में अत्यंत उत्साह एवं लगन के साथ सहभागिता की। उन्होंने कहा कि अस्तित्व फाउंडेशन का उद्देश्य महिलाओं एवं युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त करना है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिभागियों के व्यक्तित्व विकास एवं स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह प्रशिक्षण शिविर 15 जून 2026 तक निरंतर संचालित रहेगा, जिसमें प्रतिभागियों को विभिन्न क्षेत्रों में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

INA News_Admin आई.एन. ए. न्यूज़ (INA NEWS) initiate news agency भारत में सबसे तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार एजेंसी है, 2017 से एक बड़ा सफर तय करके आज आप सभी के बीच एक पहचान बना सकी है| हमारा प्रयास यही है कि अपने पाठक तक सच और सही जानकारी पहुंचाएं जिसमें सही और समय का ख़ास महत्व है।