गोरखनाथ मंदिर में महानवमी पर कन्या पूजन करेंगे योगी आदित्यनाथ, विजयादशमी पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा
गोरखनाथ मंदिर में महानवमी पर गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ करेंगे कन्या पूजन। विजयादशमी पर निकलेगी पारंपरिक शोभायात्रा, प्रभु श्रीराम का होगा राजतिलक।
शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर नाथ संप्रदाय के प्रमुख केंद्र गोरखनाथ मंदिर में पारंपरिक अनुष्ठानों का भव्य क्रम जारी है। गोरक्षपीठ में महानवमी और विजयादशमी के उपलक्ष्य में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। महानवमी के दिन गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पीठ की पुरातन परंपरा के अनुसार विधि-विधान से कन्या पूजन करेंगे। इस पावन अनुष्ठान के दौरान वे कन्याओं के चरण पखारकर मातृशक्ति का वंदन करेंगे और समाज को नारी शक्ति के सम्मान का संदेश देंगे। इसके अगले दिन विजयादशमी के महापर्व पर गोरक्षपीठ में दिनभर विशेष अनुष्ठान चलेंगे और शाम के समय गोरक्षपीठाधीश्वर के नेतृत्व में ऐतिहासिक पारंपरिक शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी।
गोरक्षपीठ में नवरात्र का पर्व अत्यंत विशिष्ट और पवित्र माना जाता है। नवरात्र के पहले दिन मंदिर के शक्तिपीठ में घटस्थापना की गई थी, जिसके बाद से लगातार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच साधना जारी है। महानवमी के दिन मां दुर्गा के नौवें स्वरूप देवी सिद्धिदात्री की विशेष पूजा-अर्चना के बाद कन्या पूजन का विधान संपन्न होगा। इस दौरान गोरक्षपीठाधीश्वर स्वयं कन्याओं के पांव धोएंगे, उनके माथे पर रोली, अक्षत और चंदन का तिलक लगाएंगे और वैदिक मंत्रों के साथ आरती उतारेंगे। इसके बाद कन्याओं और बटुकों को श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर दक्षिणा व उपहार देकर उनका आशीर्वाद लिया जाएगा।
बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व का प्रारंभ सुबह शिवावतार गुरु गोरक्षनाथ के विशेष अनुष्ठान के साथ होगा। नाथ जी की आराधना के पश्चात परिसर में स्थापित सभी देव प्रतिमाओं की पूजा की जाएगी। दोपहर में गोरक्षपीठाधीश्वर का पारंपरिक तिलकोत्सव कार्यक्रम होगा, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं को गोरक्षपीठाधीश्वर अपना आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
अपराह्न काल में गुरु गोरक्षनाथ का स्मरण कर गोरक्षपीठाधीश्वर अपने सुसज्जित रथ पर सवार होंगे और नगाड़ों, तुरही व बैंड-बाजों की गूंज के बीच भव्य शोभायात्रा आगे बढ़ेगी। यह शोभायात्रा मानसरोवर मंदिर पहुंचेगी, जहां गोरक्षपीठाधीश्वर महादेव का जलाभिषेक और समस्त देव प्रतिमाओं की अर्चना करेंगे। इसके उपरांत शोभायात्रा मानसरोवर रामलीला मैदान पहुंचेगी, जहां चल रही लीला में गोरक्षपीठाधीश्वर भगवान श्रीराम का राजतिलक करेंगे तथा लक्ष्मण, माता सीता और पवनपुत्र हनुमान की आरती उतारेंगे। कार्यक्रम के समापन पर गोरखनाथ मंदिर में पारंपरिक सहभोज का आयोजन होगा, जिसमें समाज के सभी वर्गों के लोग बिना किसी भेदभाव के एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करेंगे।
What's Your Reaction?



