Hardoi News: अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षित गर्भपात दिवस पर जागरूकता गोष्ठी आयोजित, कानूनी प्रावधानों और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं की दी जानकारी

अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षित गर्भपात दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जागरूकता

By INA News Desk
Sep 28, 2026 - 21:11
23 Views
Hardoi News: अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षित गर्भपात दिवस पर जागरूकता गोष्ठी आयोजित, कानूनी प्रावधानों और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं की दी जानकारी

हरदोई: अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षित गर्भपात दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सुरक्षित गर्भपात से संबंधित कानूनी प्रावधानों, चिकित्सकीय प्रक्रियाओं एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में लोगों को जागरूक करना रहा। गोष्ठी की शुरुआत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भवनाथ पाण्डेय द्वारा की गई। उन्होंने सुरक्षित गर्भपात के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके संबंध में जन-जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।  

गोष्ठी में जनपद के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ० पंकज मिश्रा द्वारा सुरक्षित गर्भपात के कानूनी एवं चिकित्सकीय पहलुओं पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि सुरक्षित एवं विधिसम्मत गर्भपात महिला के स्वास्थ्य एवं अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित गर्भपात के संबंध में सही जानकारी उपलब्ध कराना तथा महिलाओं को सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

डॉ० मिश्रा ने बताया कि निर्धारित कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत गर्भपात की अनुमति किन परिस्थितियों में है तथा इसे किन योग्य एवं अधिकृत स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा कराया जा सकता है। उन्होंने संबंधित चिकित्सकीय योग्यता एवं आवश्यक मानकों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मेडिकल मेथड तथा सर्जिकल मेथड सहित गर्भपात की विभिन्न चिकित्सकीय विधियों के संबंध में जानकारी देते हुए सुरक्षित एवं असुरक्षित गर्भपात के बीच अंतर स्पष्ट किया। साथ ही उन्होंने बताया कि गैर-कानूनी अथवा असुरक्षित तरीके से गर्भपात कराने से महिला के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकते हैं। इसलिए गर्भपात संबंधी सेवाएं केवल निर्धारित कानूनी प्रावधानों के अनुसार योग्य स्वास्थ्य सेवा प्रदाता से ही प्राप्त की जानी चाहिए।

गोष्ठी के दौरान गर्भपात के उपरान्त बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों, चिकित्सकीय देखभाल, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता लेने तथा आवश्यक फॉलोअप के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त सुरक्षित गर्भपात सेवाओं से संबंधित विभिन्न प्रकार की रिपोर्टिंग एवं अभिलेखीय प्रक्रियाओं के संबंध में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में सुरक्षित गर्भपात को लेकर प्रचलित भ्रांतियों को दूर करने, महिलाओं को उनके स्वास्थ्य एवं उपलब्ध विधिसम्मत सेवाओं के प्रति जागरूक करने तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। गोष्ठी में संबंधित विभागों के अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे। 

Also Read- UP Politics: सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ पर क्यों भड़के अखिलेश? मायावती के बयान से गरमाई यूपी की राजनीति

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement