Mission Shakti-6.0: हरदोई में मिशन शक्ति फेज-6.0 का भव्य शुभारंभ, मंत्री रजनी तिवारी ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण का संदेश लेकर निकली रैली, छात्राओं व महिला पुलिसकर्मियों ने लिया हिस्सा
हरदोई। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद हरदोई में मिशन शक्ति फेज-6.0 का भव्य शुभारंभ किया गया। पुलिस लाइन हरदोई में आयोजित कार्यक्रम में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने महिला पुलिसकर्मियों एवं छात्राओं की जागरूकता पैदल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी राहुल पांडेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जागरूकता रैली के माध्यम से महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता, नारी सम्मान और महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया गया। रैली में महिला पुलिसकर्मियों और छात्राओं की सहभागिता ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

- जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चलेगा जागरूकता अभियान
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मिशन शक्ति की पुलिस टीमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रही हैं।
अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में जागरूक किया जा रहा है। साथ ही छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध जैसी घटनाओं की स्थिति में बिना डर के पुलिस से सहायता लेने और शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
- आत्मनिर्भरता और अधिकारों के प्रति जागरूकता पर जोर
राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। अभियान के माध्यम से शासन की महिला कल्याणकारी योजनाओं और सुरक्षा संबंधी सेवाओं की जानकारी भी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी।

- शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में जनपद के सभी थाना प्रभारियों और मिशन शक्ति टीमों को महिलाओं एवं बालिकाओं की शिकायतों को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर सुनने तथा उन पर त्वरित एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिला सुरक्षा के मद्देनजर सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया जा रहा है।
हरदोई पुलिस ने आमजन से अपील की है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। महिला उत्पीड़न से संबंधित किसी भी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें। मिशन शक्ति फेज-6.0 के माध्यम से जिले में ऐसा वातावरण बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जहां महिलाएं और बालिकाएं स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और सशक्त महसूस कर सकें।
What's Your Reaction?