हरदोई के पिहानी क्षेत्र में कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
हरदोई के पिहानी थाना क्षेत्र के शेखावापुर कल्याणी गांव में 45 वर्षीय बसंत कुमार का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
Report : अभिषेक त्रिवेदी
हरदोई जिले स्थित पिहानी कोतवाली क्षेत्र के शेखावापुर कल्याणी गांव में एक व्यक्ति का शव घर के ऊपरी कमरे में फंदे से लटका मिलने से अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय बसंत कुमार के रूप में हुई है। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बसंत कुमार अपनी पत्नी सुनीता और तीन बच्चों के साथ पंजाब के जालंधर में रहकर मजदूरी करते थे। कुछ ही दिन पहले वह अपने परिवार को पंजाब में ही छोड़कर अकेले अपने पैतृक गांव वापस आए थे। परिजनों के अनुसार गुरुवार को बसंत ने अपने चचेरे भाई पप्पू से खेत में पौधे लगवाने को लेकर सामान्य रूप से बातचीत की थी। सुबह जब बसंत काफी देर तक बाहर नहीं निकले तो चचेरा भाई उन्हें देखने घर पहुँचा।
घर का मुख्य दरवाजा खुला होने और अंदर से कोई जवाब न मिलने पर जब चचेरा भाई छत के रास्ते ऊपरी कमरे में गया तो वहाँ बसंत का शव लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुँची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह साफ हो सकेगी, फिलहाल मामले की गहनता से जाँच की जा रही है।
What's Your Reaction?




