Hathras News: 7.40 करोड़ की साइबर ठगी का भंडाफोड़, म्यूल अकाउंट गैंग के चार सदस्य गिरफ्तार
Hathras News: हाथरस साइबर पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 7.40 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। म्यूल अकाउंट चलाने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार।
हाथरस जिले की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर देश भर में ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने फर्जी फर्में बनाकर और बैंक में म्यूल खाते खुलवाकर करोड़ों रुपये का लेन-देन करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज सात अलग-अलग मामलों के अध्ययन से कुल 7 करोड़ 40 लाख 61 हजार 233 रुपये की ठगी के तार इस नेटवर्क से जुड़े मिले हैं।
कार्रवाई की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि विशेष अभियान के तहत मिली शिकायतों के आधार पर एक बैंक खाते की गहनता से पड़ताल की गई। जांच में सामने आया कि उस खाते में तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और तेलंगाना समेत कई राज्यों से धोखाधड़ी की राशि ट्रांसफर की जा रही थी। डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल नंबरों, ई-मेल और जीएसटी अभिलेखों के गहन विश्लेषण के बाद पुलिस टीम ने गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों में सत्यवीर सिंह, अर्जुन सिंह, मनीष गौतम और आकाश कुमार शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी मनीष ने स्वीकार किया कि वह आर्थिक लाभ का लालच देकर निर्दोष लोगों के नाम पर बैंक में चालू खाते खुलवाता था और प्रत्येक खाते के बदले उसे दो लाख रुपये का कमीशन मिलता था। इसके बाद फर्जी फर्मों के नाम से जीएसटी पंजीकरण कराकर उन खातों में अपने नंबर और ई-मेल जोड़ दिए जाते थे ताकि ठगी की रकम आसानी से निकाली जा सके। अकेले एक खाते में ही करीब 80.88 लाख रुपये के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई करते हुए गिरोह के बाकी नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है।
Also Click : यूपी में दिव्यांगजनों को दुकानों के आवंटन में मिलेगा 5 प्रतिशत आरक्षण, राज्य सलाहकार बोर्ड की बैठक में कई बड़े फैसले
What's Your Reaction?




