Hathras : पीएचसी परिसर में कूड़े से प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप मिलने से मचा हड़कंप

खुले स्थान पर इस तरह कोडीनयुक्त कफ सिरप का मिलना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब हाल ही में राजस्थान में कोडीनयुक्त कफ सिरप के से

By INA News Desk
Jan 17, 2026 - 00:10
42 Views
Hathras : पीएचसी परिसर में कूड़े से प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप मिलने से मचा हड़कंप
कूड़े के ढेर में प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप की बड़ी खेप

हाथरस के सिकंदराराऊ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की पुरानी इमारत में कूड़े के ढेर से प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप की बड़ी खेप मिलने से स्वास्थ्य विभाग में अफरा-तफरी मच गई। मौके से ‘कोडिनो स्टारकुल’ नाम के कुल 34 खुले कफ सिरप बरामद किए गए। हैरानी की बात यह रही कि इन सिरपों की समाप्ति अवधि वर्ष 2029 तक दर्ज है, इसके बावजूद इन्हें पहले ही कूड़े में फेंक दिया गया था।

खुले स्थान पर इस तरह कोडीनयुक्त कफ सिरप का मिलना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब हाल ही में राजस्थान में कोडीनयुक्त कफ सिरप के सेवन से बच्चों की मौत का प्रकरण सामने आया था और उसकी जांच चल रही है। ऐसे में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर से इस तरह की बरामदगी को गंभीर माना जा रहा है।

सूचना मिलने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर ड्रग इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा, उपजिलाधिकारी संजय कुमार और कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा पुलिस और अन्य विभागीय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने तत्काल जिले भर में थोक और खुदरा मेडिकल स्टोरों पर सघन जांच अभियान शुरू कराया।

जांच के दौरान दवाओं के स्टॉक, रिकॉर्ड और खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई। राठी चौराहे पर स्थित एक मेडिकल स्टोर में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। स्टॉक और रिकॉर्ड सही तरीके से न रखे जाने पर मेडिकल स्टोर को नोटिस जारी किया गया और जांच पूरी होने तक दुकान व गोदाम बंद करने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना को लेकर व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया और जिलाधिकारी से तत्काल सख्त कदम उठाने की मांग की गई।

Also Click : Prayagraj : माघ मेले में मकर संक्रांति स्नान पर्व पर उठी आस्था की लहर, 1 करोड़ से अधिक लोगों ने लगाई पुण्य की डुबकी

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow