सम्भल में बनेगा लैंड बैंक, भूमिहीनों को मिलेगा जमीन का हक; डीएम अंकित खंडेलवाल ने बताया प्लान

जनपद में भूमिहीन परिवारों को भूमि उपलब्ध कराने और सरकारी विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए प्रशासन ने बड़ी पहल

Jul 27, 2026 - 14:20
73 Views
सम्भल में बनेगा लैंड बैंक, भूमिहीनों को मिलेगा जमीन का हक; डीएम अंकित खंडेलवाल ने बताया प्लान
अंकित खंडेलवाल, जिलाधिकारी सम्भल

उवैस दानिश, सम्भल

जनपद में भूमिहीन परिवारों को भूमि उपलब्ध कराने और सरकारी विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए प्रशासन ने बड़ी पहल शुरू कर दी है। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बताया कि जिले में लैंड बैंक तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है, जिसके तहत सरकारी और आवश्यक गैर-सरकारी प्रयोजनों के लिए भूमि चिन्हित कर उसका व्यवस्थित आवंटन किया जाएगा।

डीएम ने बताया कि फिलहाल पूरे जनपद में सर्वे कराया जा रहा है। सभी संबंधित अधिकारियों को भूमिहीन लोगों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। पात्रता तय करने के लिए विभिन्न मानकों के आधार पर लाभार्थियों का चयन किया जाएगा, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों को ही भूमि का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि केवल भूमिहीनों को जमीन उपलब्ध कराने तक ही यह योजना सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उन सभी सरकारी योजनाओं का भी डेटा जुटाया जा रहा है जिनके क्रियान्वयन के लिए भूमि की आवश्यकता होती है। प्रत्येक विभाग से भूमि संबंधी मांग मांगी गई है, ताकि आवश्यक भूमि का समय पर आवंटन कर शासन से स्वीकृति मिलने के बाद विकास कार्यों और निर्माण परियोजनाओं को जल्द शुरू कराया जा सके। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि लैंड बैंक तैयार करने की यह पूरी कवायद भविष्य की विकास योजनाओं को गति देने के साथ-साथ भूमि प्रबंधन को भी अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग हो, भूमिहीन परिवारों को उनका अधिकार मिले और जिले में विकास परियोजनाएं बिना भूमि संबंधी बाधाओं के समय पर पूरी हो सकें।

Also Read- Ravneet Singh Bittu Resigns: रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का इस्तीफा मंजूर, पंजाब की राजनीति में नई भूमिका की तैयारी

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow