Lucknow : मुख्य सचिव ने पुलिस उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर भर्ती परीक्षा–2025 की तैयारियों की समीक्षा की

मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा को शुचितापूर्वक सम्पन्न कराने में ट्रेनिंग एवं ब्रीफिंग का विशेष महत्व है। सभी संबंधित अधिकारी प्रशिक्षण एवं ब्रीफिंग सत्रों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। ब्रीफिंग

Feb 27, 2026 - 23:26
 0  2
Lucknow : मुख्य सचिव ने पुलिस उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर भर्ती परीक्षा–2025 की तैयारियों की समीक्षा की
Lucknow : मुख्य सचिव ने पुलिस उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर भर्ती परीक्षा–2025 की तैयारियों की समीक्षा की

  • परीक्षा 14 एवं 15 मार्च 2026 को दो पालियों में होगी आयोजित
  • ब्रीफिंग एवं प्रशिक्षण विस्तृत एवं प्रभावी ढंग से आयोजित किया जाए
  • परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि की न रहे संभावना- एस.पी.गोयल, मुख्य सचिव
  • भर्ती बोर्ड द्वारा जारी एसओपी का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए सुनिश्चित
  • परीक्षा से पूर्व एवं पश्चात ट्रैफिक व्यवस्था रहे सुचारु- राजीव कृष्णा, पुलिस महानिदेशक

लखनऊ : मुख्य सचिव एस.पी.गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ प्रस्तावित पुलिस उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा–2025 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शुचिता के साथ संपन्न कराने के लिए कड़े निर्देश दिए।
 मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा को शुचितापूर्वक सम्पन्न कराने में ट्रेनिंग एवं ब्रीफिंग का विशेष महत्व है। सभी संबंधित अधिकारी प्रशिक्षण एवं ब्रीफिंग सत्रों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। ब्रीफिंग एवं प्रशिक्षण विस्तृत एवं प्रभावी ढंग से आयोजित किए जाएं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी एक स्थान पर हुई त्रुटि पूरे परीक्षा तंत्र को प्रभावित कर सकती है। अतः परीक्षा से पूर्व रियल टाइम रिहर्सल कर कमियों को चिन्हित कर उन्हें तत्काल दूर किया जाए।
 उन्होंने निर्देश दिए कि गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित भंडारण हेतु कोषागार में निर्धारित कक्ष पूर्णतः खाली हो तथा प्रवेश के लिए दरवाजे के अतिरिक्त कोई दूसरा विकल्प न हो। कक्ष के भीतर एवं बाहर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे, समुचित प्रकाश व्यवस्था, निर्बाध इंटरनेट कनेक्टिविटी तथा डबल गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परीक्षा दिवस पर निर्धारित सीरीज की गोपनीय सामग्री का बॉक्स ही निर्गत किया जाए। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी नोडल अधिकारी (प्रशासन) की होगी। परीक्षा सामग्री को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने हेतु सबसे सुरक्षित एवं न्यूनतम दूरी वाले मार्ग का चयन करते हुए विस्तृत रूट मैप तैयार किया जाए।उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग अत्यंत सावधानीपूर्वक की जाए। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि अभ्यर्थी परीक्षा कक्ष में केवल अनुमन्य सामग्री (काला या नीला पेन, प्रवेश पत्र एवं वैध पहचान पत्र) ही लेकर प्रवेश करें।
उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण परीक्षा केंद्र का पूर्व में सघन निरीक्षण एवं सेनिटाइजेशन किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित सामग्री उपलब्ध न हो। केंद्रों पर स्वच्छ शौचालय एवं शुद्ध पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। सभी परीक्षार्थी निर्धारित सीट पर ही बैठें। परीक्षा अवधि के दौरान संबंधित क्षेत्र के थानाध्यक्ष, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी एवं उपजिलाधिकारी भ्रमणशील रहकर सतत निगरानी करें। परीक्षा केंद्रों के आसपास डायल-112 की गाड़ियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का रेल एवं बस से आवागमन होगा। संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक परिवहन एवं यातायात व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। होटल एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों द्वारा ओवरचार्जिंग न की जाए, इसकी सतत निगरानी रखी जाए। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाए। अफवाह फैलाने वालों एवं भ्रामक सूचना प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने कहा कि यह परीक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने हेतु प्रत्येक परीक्षा को नई परीक्षाके रूप में लेते हुए नई रणनीति अपनाई जाए तथा पूर्व परीक्षाओं के अनुभवों का समुचित उपयोग किया जाए। भर्ती बोर्ड द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। परीक्षा से पूर्व एवं पश्चात ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रहे, इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना लागू की जाए।
इससे पहले अध्यक्ष पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड एस0बी0 शिरडकर ने बताया कि 4543 पदों पर उपनिरीक्षक भर्ती हेतु परीक्षा का आयोजन 14 एवं 15 मार्च, 2026 को प्रदेश के सभी 75 जनपदों में स्थापित कुल 1090 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली का समय प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली का अपराह्न 3:00 बजे से 5:00 बजे है। इस परीक्षा में कुल 15,75,760 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।
 इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था अमिताभ यश सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।

Also Click : Hardoi : हरदोई में नकली कोडीनयुक्त खांसी सिरप का बड़ा खुलासा- 1500 बोतलें जब्त, पिता-पुत्र पर मुकदमा

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow