लखनऊ में मेडिकल टूरिज्म की अपार संभावनाएं, मुख्य सचिव ने एकीकृत रणनीति बनाने पर दिया जोर
मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने हेल्थसिटी विस्तार अस्पताल के द्वितीय स्थापना दिवस पर लखनऊ को मेडिकल टूरिज्म हब बनाने और एकीकृत रणनीति तैयार करने का आह्वान किया।
लखनऊ में मेडिकल टूरिज्म की असीम संभावनाएं, मुख्य सचिव ने एकीकृत रणनीति बनाने पर दिया जोर
गोमती नगर विस्तार स्थित हेल्थसिटी विस्तार सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर के दूसरे स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने संस्थान के सफल दो वर्ष पूरे होने पर अस्पताल प्रबंधन और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अस्पताल द्वारा मरीजों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं दी जा रही हैं।
समारोह में मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हाल के वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। लखनऊ में मेडिकल टूरिज्म का प्रमुख केंद्र बनने की बड़ी क्षमता है। शहर में एसजीपीजीआई, केजीएमयू और लोहिया संस्थान जैसे नामचीन सरकारी चिकित्सा संस्थानों के साथ-साथ निजी क्षेत्र में भी विश्वस्तरीय अस्पताल मौजूद हैं। ऐसे में खाड़ी देशों और दक्षिण एशिया सहित अन्य राष्ट्रों से मरीजों को आकर्षित करने के लिए सुनियोजित प्रयास की जरूरत है।
उन्होंने जोर दिया कि लखनऊ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडिकल टूरिज्म गंतव्य के रूप में उभारने के लिए अस्पतालों, होटल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर, ट्रैवल एजेंसियों और सरकारी विभागों को एक साथ मिलकर काम करना होगा। एक ऐसी एकीकृत व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए जिससे विदेशी मरीजों को वीजा, यात्रा, रहने, अस्पताल में दाखिले, सर्जरी और इलाज के बाद की देखभाल में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। इससे न सिर्फ स्वास्थ्य क्षेत्र को आर्थिक मजबूती मिलेगी बल्कि पर्यटन, विमानन और परिवहन जैसे क्षेत्रों को भी लाभ होगा।
मुख्य सचिव ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर वहां मौजूद आधुनिक उपकरणों और चिकित्सा सुविधाओं का जायजा भी लिया। कार्यक्रम में हेल्थसिटी विस्तार के प्रबंध निदेशक डॉक्टर संदीप कपूर ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य लखनऊ और आसपास के लोगों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस मौके पर मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा अमित कुमार घोष, प्रमुख सचिव नियोजन आलोक कुमार और जल निगम ग्रामीण के प्रबंध निदेशक डॉक्टर राज शेखर समेत कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
Also Click : Lucknow: योगी सरकार की पहल- आईएएस-आईपीएस और आईएफएस अधिकारी हर माह विद्यार्थियों से करेंगे
What's Your Reaction?



