UP MLC Election: मेरठ खंड स्नातक-शिक्षक निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर सीडीओ ने की बैठक, 23 अक्टूबर को मतदान

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं मेरठ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण

By INA News Desk
Oct 2, 2026 - 16:51
5 Views
UP MLC Election: मेरठ खंड स्नातक-शिक्षक निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर सीडीओ ने की बैठक, 23 अक्टूबर को मतदान
  • विधान परिषद  निर्वाचन-2026: मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन की तैयारियों को लेकर सीडीओ की अध्यक्षता में हुई बैठक....
  • सीडीओ ने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्वाचन की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के दिए निर्देश.
  • 23 अक्टूबर को होगा मतदान, 27 अक्टूबर को मेरठ में होगी मतगणना.
  • सहारनपुर: जनपद में स्नातक के 22,778 एवं शिक्षक के 4,421 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग....
  • निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश
  • कंट्रोल रूम 24 घंटे तीन शिफ्टों में होगा संचालित, शिकायतों का तत्काल कराया जाए निस्तारण...
  • प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों को समयबद्ध एवं निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सौंपी गई जिम्मेदारियों का  निर्वहन करने के निर्देश

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं मेरठ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द कुमार चौहान के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। 
        
बैठक में निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के प्रारंभ में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सलिल कुमार पटेल द्वारा निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी दी गई। अवगत कराया गया कि मा0 भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 22 सितंबर, 2026 को निर्वाचन कार्यक्रम जारी किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की अंतिम तिथि 06 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा 07 अक्टूबर तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि 09 अक्टूबर है। मतदान 23 अक्टूबर को प्रातः 08 बजे से अपराह्न 04 बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को मेरठ में संपन्न होगी। नामांकन संबंधी समस्त कार्यवाही रिटर्निंग ऑफिसर/आयुक्त, मेरठ मंडल के न्यायालय में संपन्न होगी।
        
बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद सहारनपुर में मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन के लिए 19 मतदान केंद्रों पर 80 मतदान स्थल निर्धारित किए गए हैं, जहां कुल 22,778 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसी प्रकार मेरठ खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए 14 मतदान केंद्रों पर 15 मतदान स्थल बनाए गए हैं, जहां 4,421 मतदाता मतदान करेंगे।
        
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्वाचन कार्यों के लिए गठित सभी 13 प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि मा0 निर्वाचन आयोग की समय-सारिणी के अनुसार सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने मतदान कार्मिकों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण की व्यवस्था जनमंच प्रेक्षागृह में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान पार्टी में एक पीठासीन अधिकारी एवं तीन मतदान अधिकारी सहित कुल चार कार्मिक रहेंगे। रैनबो पब्लिक स्कूल में 23 से 25 अक्टूबर तक पीईटी परीक्षा प्रस्तावित होने के दृष्टिगत मतदान पार्टियों के प्रस्थान स्थल में आवश्यक बदलाव करने के निर्देश भी दिए गए।
        
मुख्य विकास अधिकारी ने आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें। सभी संबंधित अधिकारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें।

परिवहन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के 80 स्नातक एवं 15 शिक्षक मतदान स्थलों के लिए आवश्यक बसों की व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। सील्ड मतपेटिकाओं को मेरठ पहुंचाने के लिए जीपीएस युक्त बंद बॉडी कंटेनर की व्यवस्था की जाए, जिससे मतपेटिकाओं का सुरक्षित एवं व्यवस्थित परिवहन सुनिश्चित हो सके। मतपत्र व्यवस्था के अंतर्गत स्नातक निर्वाचन के लिए सफेद तथा शिक्षक निर्वाचन के लिए गुलाबी रंग के मतपत्र निर्धारित किए गए हैं। मतपेटिकाएं पंचा स्थानि चुनावालय से प्राप्त कर उनकी आवश्यक आयलिंग एवं ग्रीसिंग कराकर मतदान के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
        
बैठक में अवगत कराया गया कि मा0 भारत निर्वाचन आयोग द्वारा स्नातक निर्वाचन के लिए श्री राज शेखर (आईएएस-2004) तथा शिक्षक निर्वाचन के लिए श्री सुहास एलवाई (आईएएस-2007) को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रेक्षकों के प्रोटोकॉल, आवास, भोजन एवं वाहन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने  वीडियोग्राफी/फोटोग्राफी हेतु संबंधित को भी निर्देशित किया, 
मतदान स्थलों की निगरानी, भोजन प्रकोष्ठ को चाय-नाश्ता एवं पेयजल की व्यवस्था तथा कंट्रोल रूम को 24 घंटे तीन शिफ्टों में संचालित करने के निर्देश दिए। कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण करते हुए संबंधित सूचनाएं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, लखनऊ को प्रेषित करने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें। निर्वाचन कार्यों में आपसी समन्वय बनाए रखते हुए सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में सभी अधिकारी पूरी निष्ठा, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
        
मतदान कार्मिक व्यवस्था एवं प्रशिक्षण व्यवस्था के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर सुनील कुमार वर्मा प्रभारी अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी कुमारी प्रियंका पटेल, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री जयकरण यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कुमारी कोमल, जिला पंचायत राज अधिकारी श्री प्रदीप कुमार सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। मतदाता सूची और मतदेय स्थल निर्माण के लिए अपर जिला अधिकारी प्रशासन प्रभारी अधिकारी तथा समस्त उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार सहायक प्रभारी अधिकारी नामित किए गए हैं। आदर्श आचार संहिता के अनुपालन हेतु डिप्टी कलेक्टर श्री कृष्ण राज सिंह प्रभारी अधिकारी तथा समस्त उप जिला अधिकारी, समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी, सहायक नगर आयुक्त एवं समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका नगर पंचायत सहायक प्रभारी अधिकारी नामित किए गए है। कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था हेतु अपर जिलाधिकारी प्रशासन, पुलिस अधीक्षक नगर, ग्रामीण एवं यातायात प्रभारी अधिकारी तथा नगर मजिस्ट्रेट, समस्त उप जिलाधिकारी और समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी सहायक प्रभारी अधिकारी नामित किए गए हैं। परिवहन व्यवस्था हेतु अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रभारी अधिकारी,  परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन एवं जिला पूर्ति अधिकारी सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। लेखन सामग्री, मतपत्र व्यवस्था, गोदरेज टाइप बैलेट बॉक्स व्यवस्था हेतु बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी प्रभारी अधिकारी तथा चकबंदी अधिकारी देवबंद, सहायक चकबंदी अधिकारी नकुड़, सहायक चकबंदी अधिकारी सहारनपुर सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए है। प्रेक्षक व्यवस्था हेतु सहायक महानिरीक्षक निबंधन प्रभारी अधिकारी तथा जिला आबकारी अधिकारी, तहसीलदार सहारनपुर सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। वीडियोग्राफी एवं वेब कास्टिंग के प्रबंधन हेतु जिला पंचायत राज अधिकारी प्रभारी अधिकारी तथा समस्त तहसीलदार सहायक प्रभारी अधिकारी नामित किए गए हैं। जिला सूचना अधिकारी को मीडिया प्रभारी बनाया गया है। कम्युनिकेशन प्लान एवं मतदान स्थल निर्माण व्यवस्था हेतु समस्त उप जिला अधिकारी प्रभारी अधिकारी तथा समस्त तहसीलदार सहायक प्रभारी अधिकारी नामित किए गए हैं। हल्का नाश्ता एवं भोजन हेतु जिला पूर्ति अधिकारी को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। यात्रा भत्ता व्यवस्था हेतु मुख्य कोषाधिकारी प्रभारी अधिकारी नामित किए गए हैं।  शिकायत प्रकोष्ठ एवं कंट्रोल रूम के लिए जिला प्रवेश अधिकारी प्रभारी अधिकारी, लिपिक जिला प्रोबेशन अधिकारी, कनिष्ठ सहायक कार्यालय जिला गन्ना अधिकारी सहायक प्रभारी अधिकारी नामित किए गए हैं। बैठक में सभी संबंधित प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

Also Read- BRICS Summit: 3 दिन में 15 द्विपक्षीय बैठकें, पीएम मोदी के कूटनीतिक एजेंडे में छाया रहा ग्लोबल साउथ

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow