Sitapur: वैदिक थीम पर बन रहे तोरण द्वार के निर्माण में घटिया सामग्री देख भड़के प्रभारी मंत्री, अफसरों को लगाई फटकार
नैमिषारण्य में तोरण द्वार व ग्रामीण स्टेडियम का किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता न करने के दिए सख्त निर्देश
रिपोर्ट:- सुरेंद्र मोठी नैमिषारण्य, सीतापुर
सीतापुर। जिले में चल रही विकास एवं पर्यटन परियोजनाओं की जमीनी हकीकत परखने निकले उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने नैमिषारण्य सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नैमिषारण्य में लखनऊ-सीतापुर मार्ग पर निर्माणाधीन भव्य वैदिक थीम आधारित तोरण द्वार में घटिया निर्माण सामग्री मिलने पर प्रभारी मंत्री का पारा चढ़ गया।
प्रभारी मंत्री ने मौके पर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को स्वयं परखा। पत्थर, सीमेंट और ईंटों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी निर्माण कार्यों में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर भी प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई और अधिकारियों को काम में तेजी लाने के साथ निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नैमिषारण्य देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, इसलिए यहां होने वाले प्रत्येक विकास कार्य में गुणवत्ता और बेहतर सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने पार्किंग व्यवस्था और टूरिस्ट सुविधा केंद्र का भी जायजा लिया तथा श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद प्रभारी मंत्री विकासखंड मछरेहटा की ग्राम पंचायत अनोगी पहुंचे, जहां युवा कल्याण विभाग द्वारा निर्माणाधीन ग्रामीण स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति, मौके पर इस्तेमाल हो रही सामग्री और कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा हो और किसी भी स्तर पर मानकों से समझौता न किया जाए।
टैक्स के पैसे से हो रहा विकास, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि सरकार जनता के टैक्स के पैसे से विकास परियोजनाएं संचालित कर रही है। ऐसे में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता अधिकारियों की सीधी जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में अनियमितता, लापरवाही अथवा घटिया सामग्री का इस्तेमाल पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी मंत्री ने विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्यों में शासन द्वारा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मिश्रिख विधायक रामकृष्ण भार्गव, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?







