नरेश कुमार लोधी को डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंडिया का विशिष्ट सेवा सम्मान, पीलीभीत टाइगर रिजर्व में डीएफओ ने सौंपा पुरस्कार
वन्यजीव संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने में उत्कृष्ट योगदान के लिए नरेश कुमार लोधी को WWF-India का विशिष्ट सेवा सम्मान मिला। जानिए उनकी उपलब्धियां।
Report : कुँवर निर्भय सिंह आईएनए पीलीभीत- उत्तर प्रदेश
वन्यजीव संरक्षण, मानव और वन्यजीवों के बीच टकराव रोकने तथा सीमावर्ती इलाकों के ग्रामीणों की आजीविका सुधारने में लंबे समय से जुटे नरेश कुमार लोधी को विश्व प्रकृति निधि-भारत (WWF-India) की ओर से विशिष्ट सेवा सम्मान दिया गया है।
वर्ष 2004 से पर्यावरण और प्रकृति संरक्षण संस्था से जुड़े नरेश कुमार लोधी ने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र और जंगलों से सटे गांवों में विकास कार्यों को गति दी है। उनके मार्गदर्शन में एक हजार से अधिक महिला-पुरुषों को विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया गया। इसके अलावा उन्होंने वनकर्मियों और स्थानीय युवाओं के लिए कई प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए, जिससे वन अमले को वन्यजीवों की निगरानी और प्रतिकूल परिस्थितियों से निपटने में महारत हासिल हुई।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व, दक्षिण खीरी वन प्रभाग, अमानगढ़ और रानीपुर टाइगर रिजर्व में एम-स्ट्राइप्स (M-STrIPES) प्रणाली के सफल प्रयोग और प्रशिक्षण में भी उनकी मुख्य भूमिका रही। मानव और वन्यजीवों के बीच संघर्ष घटाने के उद्देश्य से पीलीभीत से शुरू किया गया 'बाघ मित्र' कार्यक्रम उन्हीं के प्रयासों का परिणाम है, जिसकी प्रशंसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके हैं। वर्तमान में यह मॉडल देश के कई अन्य राज्यों में लागू किया जा रहा है।
पूर्व में नरेश कुमार लोधी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा सामाजिक सेवाओं के लिए तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने उन्हें राष्ट्रपति रोवर पुरस्कार से नवाजा था।
दिल्ली में आयोजित मुख्य समारोह में डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-भारत के तराई आर्क लैंडस्केप प्रमुख अनिल कुमार सिंह और तराई ईस्ट प्रमुख डॉ. मुदित गुप्ता सहित कई अधिकारी मौजूद थे। किसी अपरिहार्य कारणवश नरेश कुमार लोधी दिल्ली के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके थे। इसके बाद पीलीभीत टाइगर रिजर्व के प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह ने पीलीभीत में उन्हें यह विशिष्ट सेवा सम्मान प्रदान किया। इस उपलब्धि पर वन विभाग और संस्था के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी है।
Also Click : कांवड़ियों को आतंकी बताने वाले मौलाना पर भड़कीं गुलाब देवी, बोलीं- आतंकी कौन है, पहले अपना दिमाग जांचवाए
What's Your Reaction?



