Saharanpur : प्रशासन के आश्वासन पर समाप्त हुआ सांसद इकरा हसन का धरना- हिरासत में लिए गए समर्थकों की जल्द होगी रिहाई
धरना खत्म करने की घोषणा करते हुए सांसद इकरा हसन ने सभी समर्थकों और नेताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि संघर्ष में साथ देने वाले लोगों का सहयोग हमेशा याद रहेगा और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी। इस दौरान सांसद
सहारनपुर में सांसद इकरा हसन द्वारा अपने समर्थकों की गिरफ्तारी के विरोध में शुरू किया गया धरना प्रदर्शन देर रात प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई बातचीत के बाद समाप्त हो गया। नगर मजिस्ट्रेट ने सांसद को भरोसा दिलाया कि हिरासत में लिए गए सभी समर्थकों को सुबह दस बजे रिहा कर दिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली तथा समाजवादी पार्टी और कांग्रेस नेताओं समेत बड़ी संख्या में जुटे समर्थक वापस लौट गए।
यह पूरा विवाद दोपहर से शुरू हुआ था, जो रात को जाकर खत्म हुआ। रात के समय नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह धरनास्थल पर पहुंचे और सांसद इकरा हसन व उनके सहयोगियों से वार्ता की। बातचीत के बाद सांसद ने अपने वकीलों से सलाह-मशविरा किया, जिसके बाद थाने से ही समर्थकों की जमानत प्रक्रिया पूरी कराई गई। नगर मजिस्ट्रेट ने सभी कानूनी कागजी कार्रवाई कराते हुए सुबह रिहाई का भरोसा दिया। धरना स्थल पर प्रशासन की ओर से नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल, सहायक पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार यादव और क्षेत्राधिकारी रुचि गुप्ता मुस्तैद रहे।
धरना खत्म करने की घोषणा करते हुए सांसद इकरा हसन ने सभी समर्थकों और नेताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि संघर्ष में साथ देने वाले लोगों का सहयोग हमेशा याद रहेगा और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी। इस दौरान सांसद के साथ विधायक आशु मलिक, पूर्व सांसद हाजी फजलुर रहमान, विधायक नाहिद हसन, पूर्व विधायक ठाकुर वीरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक मनोज चौधरी, अली खान, पूर्व विधायक माविया अली, मनीष त्यागी, मुजफ्फर अली, वरुण शर्मा, प्रवीण चौधरी, अभिषेक टिंकू अरोड़ा, फहद सलीम अहमद मलिक, फरहाद आलम, संदीप सैनी, सलीम अहमद, फैसल सलमानी, ऋषभ त्यागी, हैदर अली, रतन यादव और बिजेश शर्मा समेत भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।
Also Click : Deoband : देवबंद में बिजली संकट- भीषण गर्मी में 17 घंटे तक आपूर्ति ठप, अधिकारियों की अनदेखी से जनता बेहाल
What's Your Reaction?




