रोटी के विवाद में कत्ल... 5 साल बाद मिला इंसाफ, तीन सगे भाइयों को उम्रकैद
सम्भल में तंदूर पर रोटी जल्दी देने के विवाद में युवक की हत्या के मामले में अदालत ने तीन सगे भाइयों को उम्रकैद और 4.25 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में महज रोटी जल्दी देने को लेकर हुए खूनी विवाद में आखिरकार अदालत ने सख्त फैसला सुनाते हुए तीन सगे भाइयों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। अदालत ने तीनों दोषियों पर कुल 4.25 लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
मामला वर्ष 2021 का है, जब सदर कोतवाली क्षेत्र के चमन सराय में तंदूर पर रोटियां बना रहे रेहान की मामूली कहासुनी के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आरोप था कि सलीम उर्फ पुतला रोटियों का ऑर्डर देकर जल्दी करने का दबाव बना रहा था। रेहान द्वारा थोड़ा इंतजार करने की बात कहने पर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते सलीम के भाई सलमान और जावेद भी मौके पर पहुंच गए। दो भाइयों ने रेहान को पकड़ लिया, जबकि सलमान ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल रेहान की मुरादाबाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया, जबकि दो आरोपी फरार हो गए। बाद में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान सलमान को गिरफ्तार किया और फरार सलीम उर्फ पुतला को भी पकड़कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। लंबी सुनवाई के बाद अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो कोर्ट) अवधेश कुमार सिंह की अदालत ने सलीम उर्फ पुतला, सलमान और जावेद को हत्या का दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही तीनों पर 4.25 लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता हरिओम प्रकाश ने बताया कि यह फैसला स्पष्ट संदेश देता है कि मामूली विवाद में की गई हत्या जैसे जघन्य अपराधों पर कानून का शिकंजा अंततः अपराधियों तक पहुंचता है।
Also Click : Hardoi: मारपीट और तमंचे से जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद
What's Your Reaction?



