Sambhal : अवैध जींस वाशिंग प्लांट पर छापेमारी, बिजली कनेक्शन काटा, संचालन बंद
अधिकारियों ने बताया कि प्लांट संचालकों के पास किसी भी विभाग से संचालन की अनुमति नहीं थी। न तो जीएसटी पंजीकरण था और न ही श्रम विभाग व अन्य संबंधि
Report : उवैस दानिश, सम्भल
थाना नखासा क्षेत्र के मोहल्ला तिमरदास सराय स्थित एक अवैध जींस वाशिंग प्लांट पर सिटी मजिस्ट्रेट और गठित टीम ने सोमवार को छापेमारी कर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि यह प्लांट जिया-उल-हक के नाम से संचालित हो रहा था। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने पाया कि प्लांट का गेट बाहर से बंद था, जिसे खुलवाने पर अंदर मशीनें चालू मिलीं और पानी की निकासी हो रही थी।
जांच में तीन घरेलू गैस सिलेंडर भी बरामद हुए, जिनका प्लांट में औद्योगिक उपयोग किया जा रहा था। इस मामले में सिलेंडर के दुरुपयोग पर सप्लाई विभाग अलग से कार्रवाई करेगा। वहीं, बिजली विभाग ने तुरंत प्लांट का कनेक्शन काट दिया ताकि आगे संचालन न हो सके।
अधिकारियों ने बताया कि प्लांट संचालकों के पास किसी भी विभाग से संचालन की अनुमति नहीं थी। न तो जीएसटी पंजीकरण था और न ही श्रम विभाग व अन्य संबंधित विभागों का लाइसेंस। यह स्पष्ट हुआ कि यह प्लांट पूरी तरह अवैध रूप से चलाया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि यहां जींस धोने के लिए कैमिकल का इस्तेमाल किया जाता है, और कैमिकल युक्त पानी बिना ट्रीटमेंट के नालियों और नालों में बहा दिया जाता है। इससे गंभीर बीमारियों के फैलने का खतरा बना रहता है और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है।
सुधीर कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट
इसी क्रम में थाना रायसत्ती क्षेत्र के मोहल्ला हातिम सराय में भी तीन अन्य यूनिटों पर छापेमारी की गई। ये यूनिट फैजान, नईम और सुब्हान के नाम से संचालित हो रही थीं। छापेमारी के दौरान ये फैक्ट्रियां बंद मिलीं, लेकिन बिजली विभाग ने एहतियातन उनका कनेक्शन भी काट दिया।
सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि बिना अनुमति और लाइसेंस के औद्योगिक इकाइयां संचालित करना कानूनन अपराध है। ऐसे प्लांट न केवल राजस्व हानि पहुंचाते हैं, बल्कि पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध फैक्ट्रियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Also Click : Delhi : हमें यह आज़ादी संयोग से नहीं, बल्कि एक सदी से भी ज़्यादा के निरंतर संघर्ष और महान बलिदानों का परिणाम है- मदनी
What's Your Reaction?











