Sambhal : मुहर्रम को लेकर सम्भल पुलिस अलर्ट, 5 किलोमीटर फुट पेट्रोलिंग; 12 फीट से अधिक ऊंचे ताजियों पर रोक
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने जानकारी दी कि मुहर्रम के जुलूस में शामिल होने वाले ताजियों की ऊंचाई को लेकर पहले ही नियम तय कर दिए गए हैं। प्रशासन यह तय कर रहा है कि सभी लोग इन नियमों का पालन करें।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
मुहर्रम के मद्देनज़र सम्भल पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई के नेतृत्व में शहर के संवेदनशील इलाकों में करीब 5 से 6 किलोमीटर लंबी फुट पेट्रोलिंग की गई।
यह पेट्रोलिंग शहर के दो प्रमुख प्वाइंटों से शुरू होकर भोलेश्वर चौकी तक निकाली गई, जिसमें पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भारी संख्या में सुरक्षा बल शामिल रहे।
फुट पेट्रोलिंग के दौरान अधिकारियों ने लोगों से संवाद कर उनका हालचाल जाना और मुहर्रम के जुलूसों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील की। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि ताजियों की ऊंचाई को लेकर पहले ही दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी ताजिएदार उनका पालन करें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ताजियों की अधिकतम ऊंचाई 10 फीट रखी जाए तथा उन्हें ले जाने वाले वाहन की जमीन से ऊंचाई 2 फीट से अधिक न हो, ताकि कुल ऊंचाई 12 फीट के भीतर रहे और बिजली के तारों को काटने जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि पूर्व में कई बार ऊंचे ताजियों के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी, इसलिए इस बार विशेष सावधानी बरती जा रही है। मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 3 कंपनी और 2 प्लाटून पीएसी की तैनाती की गई है।
सभी थानों में रातभर विशेष ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस प्रशासन को उम्मीद है कि सभी जुलूस शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न होंगे।
Also Read : Sambhal : कसेरुआ मस्जिद ध्वस्तीकरण पर गरजे दानिश अली- ‘कानून को बुलडोजर से कुचल रही बीजेपी सरकार’
What's Your Reaction?




