Political News: सम्भल में गठबंधन पर सीटों का घमासान! कांग्रेस ने मांगीं दो सीटें, सपा सांसद बर्क बोले- जीतने की स्थिति वाली सीट ही मिलेगी
आरिफ तुर्की ने सम्भल और चंदौसी सीट पर जताई दावेदारी, बोले- दो सीटें तो हर हाल में चाहिए; बर्क ने कहा- सीट मांगने का हक सभी को
उवैस दानिश, सम्भल
आरिफ तुर्की ने सम्भल और चंदौसी सीट पर जताई दावेदारी, बोले- दो सीटें तो हर हाल में चाहिए; बर्क ने कहा- सीट मांगने का हक सभी को, लेकिन जीतने की क्षमता भी जरूरी
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की सीटों पर सियासी हलचल तेज हो गई है। सम्भल जिले की चार विधानसभा सीटों में कांग्रेस ने कम से कम दो सीटों पर अपना दावा ठोक दिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष आरिफ तुर्की ने सम्भल और चंदौसी विधानसभा सीट पर पार्टी की मजबूत दावेदारी पेश करते हुए कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय पार्टी है और गठबंधन में बराबरी का सम्मान मिलना चाहिए।
आरिफ तुर्की ने कहा कि सम्भल जिले में कांग्रेस लगातार मेहनत कर रही है, इसलिए पार्टी को उसकी मेहनत का फल मिलना चाहिए। उनकी प्राथमिकता सम्भल और चंदौसी सीट है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि पार्टी को कोई भी दो सीटें मिल जाएं तो भी उन्हें स्वीकार होगा। उन्होंने चंदौसी सीट पर भाजपा को चुनौती देने और सम्भल के अलावा असमोली या गुन्नौर सीट मिलने की संभावना भी जताई। वहीं, सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कांग्रेस की दावेदारी पर कहा कि कांग्रेस को सीट मांगने का पूरा हक है, लेकिन सीटों पर सहमति सपा प्रमुख अखिलेश यादव और राहुल गांधी की बैठक के बाद ही बनेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस को वही सीटें देने की पक्षधर है, जहां उसकी जीतने की स्थिति हो। साथ ही उम्मीद जताई कि सीटों को लेकर कोई जिद गठबंधन के रास्ते में बाधा नहीं बनेगी। गठबंधन टूटने की अटकलों को आरिफ तुर्की ने खारिज करते हुए कहा कि अंतिम फैसला हाईकमान करेगा और सभी उसे स्वीकार करेंगे। उन्होंने दावा किया कि इसी महीने सीटों का बंटवारा फाइनल हो सकता है। अब बड़ा सवाल यह है कि सम्भल की चार सीटों में कांग्रेस के हिस्से कितनी सीटें आएंगी और क्या सपा अपनी मौजूदा सीटों पर भी समझौता करेगी? 2027 से पहले दोनों दलों के बीच सीटों का यह गणित सम्भल की सियासत में दिलचस्प मोड़ लेता दिखाई दे रहा है।
What's Your Reaction?

