Political News: सम्भल में मंदिर-मस्जिद पर सियासी संग्राम! राजेश सिंघल के बयान पर भड़के सपा नेता बर्क, NSA लगाने की मांग
बर्क बोले– मस्जिद पर चढ़ाई के लिए उकसाने का आरोप, प्रशासन कार्रवाई करे, वरना बिगड़ सकते हैं हालात, मंदिर-मस्जिद का फैसला अदालत से होगा
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में मंदिर-मस्जिद को लेकर भाजपा नेता राजेश सिंघल के बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है। सपा नेता ममलुकुर्रहमान बर्क ने राजेश सिंघल के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की मांग की है। बर्क ने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान सम्भल की अमन-शांति को प्रभावित कर सकते हैं और हिंदू-मुस्लिम समुदायों के बीच नफरत फैलने का खतरा पैदा कर सकते हैं।
मीडिया से बातचीत में बर्क ने राजेश सिंघल को फर्जी नेता बताते हुए कहा कि वह उनका जिक्र करना भी अपनी इंसल्ट समझते हैं। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि सम्भल जामा मस्जिद को लेकर लोगों को उकसाने की कोशिश की गई है और इससे जुड़ा वीडियो भी वायरल हो रहा है।
बर्क ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने और कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सम्भल में अमन-ओ-शांति कायम रहनी चाहिए और कोई भी कानून को अपने हाथ में न ले। साथ ही चेतावनी दी कि ऐसे बयानों पर कार्रवाई नहीं हुई तो हालात बिगड़ सकते हैं और हिंदू-मुसलमानों के बीच नफरत फैल सकती है। मंदिर-मस्जिद विवाद के समाधान पर बर्क ने स्पष्ट कहा कि इसका फैसला नेताओं के बयानों से नहीं, बल्कि न्यायालय से होना चाहिए। उन्होंने सरकार और प्रशासन पर भी कानून के मुताबिक काम नहीं करने का आरोप लगाया। फिलहाल राजेश सिंघल के बयान पर बर्क की इस तीखी प्रतिक्रिया ने सम्भल की सियासत में नया विवाद खड़ा कर दिया है।
What's Your Reaction?