Sambhal : बकरीद से पहले संभल प्रशासन अलर्ट मोड पर, डीएम-एसपी ने दी सख्त चेतावनी; नई परंपरा और प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने साफ कहा कि त्योहार के दौरान बिजली, पानी, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए कि 28, 29 और 30 मई को विशेष सफाई अभि
Report : उवैस दानिश, सम्भल
अंकित खंडेलवाल और कृष्ण कुमार बिश्नोई की अध्यक्षता में बहजोई स्थित कलक्ट्रेट सभागार में आगामी ईद उल अजहा (बकरीद) को लेकर पीस कमेटी की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों के साथ त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने साफ कहा कि त्योहार के दौरान बिजली, पानी, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए कि 28, 29 और 30 मई को विशेष सफाई अभियान चलाया जाए तथा पानी के टैंकरों की वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने कहा कि कुर्बानी के बाद अपशिष्ट का समय से निस्तारण कराया जाए और इसके लिए गहरे गड्ढों में चूना, नमक और ब्लीचिंग डालकर वैज्ञानिक तरीके से निपटान किया जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने दो टूक कहा कि त्योहार में कोई नई परंपरा लागू नहीं होने दी जाएगी और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी हालत में स्वीकार नहीं होगी।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहने और संवेदनशील क्षेत्रों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। एसपी ने चेतावनी दी कि माहौल खराब करने वालों और सोशल मीडिया पर कुर्बानी से जुड़े वीडियो अपलोड या शेयर करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पीस कमेटी के सदस्य मुफ्ती नूरी ने भी लोगों से अपील की कि कुर्बानी के दौरान किसी भी समुदाय की भावनाओं को ठेस न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने खुले में कुर्बानी न करने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की। प्रशासन ने साफ संकेत दे दिए हैं कि इस बार बकरीद पर सुरक्षा, साफ-सफाई और कानून व्यवस्था को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और पूरे जिले में प्रशासन की पैनी नजर बनी रहेगी।
Also Click : Special : डिजिटल मृगतृष्णा और प्रेम का बदलता स्वरूप- आँखों से जिस्म तक का सफ़र
What's Your Reaction?




