Sambhal : महिला पुलिस ने दिखाई शक्ति, बाइक रैली से दिया नारी सुरक्षा का संदेश
रैली का शुभारंभ चौधरी सराय पुलिस चौकी से हुआ, जहां महिला पुलिसकर्मी जोशीले और उत्साहवर्धक गीतों के बीच तैयार खड़ी थीं। जैसे ही रैली शुरू हुई, शहर की सड़कों पर महि
Report : उवैस दानिश, सम्भल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शुरू किए गए मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण की शुरुआत के अवसर पर सम्भल में महिला पुलिस ने अपनी शक्ति और साहस का परिचय देते हुए एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में नारी सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश देना था।
रैली का शुभारंभ चौधरी सराय पुलिस चौकी से हुआ, जहां महिला पुलिसकर्मी जोशीले और उत्साहवर्धक गीतों के बीच तैयार खड़ी थीं। जैसे ही रैली शुरू हुई, शहर की सड़कों पर महिला पुलिसकर्मियों का आत्मविश्वास और जोश देखने लायक था। रैली में एएसपी अनुकृति शर्मा ने भी अपनी स्कूटी चलाकर भागीदारी निभाई और महिला सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाया।
रैली शहर के विभिन्न संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से होकर गुजरी। रास्ते भर महिला पुलिस नारी सुरक्षा और सम्मान का संदेश देती नजर आई। स्थानीय लोगों ने भी रैली का गर्मजोशी से स्वागत किया और महिला पुलिसकर्मियों के हौसले को सलाम किया। बाइक रैली के दौरान लोगों को महिलाओं की सुरक्षा के लिए जागरूक रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। रैली के समापन पर महिला पुलिसकर्मियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में एएसपी अनुकृति शर्मा ने मिशन शक्ति के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इस अभियान के माध्यम से महिलाओं और बच्चियों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि महिला पुलिसकर्मी न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच और व्यवहार विकसित करने के लिए भी प्रयासरत हैं।
एएसपी ने लोगों से अपील की कि वे महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों की जानकारी छिपाने के बजाय तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधियों पर शीघ्र कार्रवाई की जा सके। इस मौके पर पुलिस विभाग के अधिकारी, महिला हेल्प डेस्क की टीम और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। मिशन शक्ति की इस बाइक रैली ने नारी सुरक्षा और सम्मान का मजबूत संदेश दिया और यह साबित किया कि महिला पुलिस किसी भी चुनौती का सामना करने में पूरी तरह सक्षम है।
What's Your Reaction?











