Sambhal : योगी सरकार का बड़ा तोहफा- 1112 कनिष्ठ सहायकों और 22 एक्सरे टेक्नीशियनों को मिला नियुक्ति पत्र, सम्भल में 5 युवाओं को भी मिली नई जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा निष्पक्ष व पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। उ
Report : उवैस दानिश, सम्भल
उत्तर प्रदेश में पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया को बढ़ावा देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ के लोक भवन ऑडिटोरियम में आयोजित एक भव्य समारोह में 1112 नव चयनित कनिष्ठ सहायकों और 22 एक्सरे टेक्नीशियनों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार की मंशा है कि युवाओं को योग्यतानुसार रोजगार मिले और सरकारी तंत्र को नई ऊर्जा प्राप्त हो।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा निष्पक्ष व पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा और सेवा भाव के साथ कार्य करें और राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।
लखनऊ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सम्भल कलक्ट्रेट सभागार में भी किया गया, जहां मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक अजीत कुमार ‘राजू’ यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेन्द्र सिंह रिंकू, जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया, मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक, तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर जनपद सम्भल के 5 नव चयनित कनिष्ठ सहायकों को मंच पर नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के स्वागत के साथ हुई, जहां उन्हें पुष्पगुच्छ और पुस्तकों के माध्यम से सम्मानित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति राज्य के विकास में नई ऊर्जा का संचार करेगी। उन्होंने कहा, "हमें मिलकर एक समर्थ और विकसित उत्तर प्रदेश का निर्माण करना है। जिस पद पर आपका चयन हुआ है, उसके दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें।"
पूर्व मंत्री अजीत कुमार ‘राजू’ यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व सुधार किया है। पहले लोग सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने से कतराते थे, लेकिन अब बेहतर सुविधाओं के कारण उनका भरोसा वापस लौटा है। भाजपा जिलाध्यक्ष हरेन्द्र सिंह रिंकू ने कहा कि कोरोना काल में स्वास्थ्य विभाग ने उत्कृष्ट कार्य किया। उन्होंने कहा, "हमें यह धारणा बदलनी होगी कि सरकारी अस्पतालों में उचित इलाज नहीं होता। अब सरकारी अस्पतालों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं।"
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं तभी सशक्त होंगी जब हर व्यक्ति तक इनका लाभ पहुंचेगा।
मुख्य अतिथि गुलाब देवी ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि जिस उत्साह और उमंग के साथ उन्होंने यह उपलब्धि प्राप्त की है, उसे बनाए रखें और जनता की सेवा में समर्पित होकर कार्य करें।
अंत में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने सभी अतिथियों का धन्यवाद करते हुए नव नियुक्त अभ्यर्थियों से कहा कि जिस पारदर्शी प्रक्रिया से उनकी भर्ती हुई है, उसी पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करें।
इस कार्यक्रम में शामिल नव चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे पर उत्साह और खुशी स्पष्ट झलक रही थी। नियुक्ति पत्र पाकर उन्होंने प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और सेवा भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?











