Santkabirnagar : फार्मर रजिस्ट्री में ढिलाई पर जिलाधिकारी का कड़ा रुख, लापरवाह कर्मचारियों का वेतन और मानदेय रोका
खराब प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए जिलाधिकारी ने सबसे पीछे चल रहे गांवों के लेखपालों, पंचायत सहायकों और कृषि कर्मियों को जवाब-तलब किया। बैठक से गैरहाजिर मिले पांच पंचायत सहायकों और एक रोजगार सेवक का
संत कबीर नगर में फार्मर रजिस्ट्री अभियान की सुस्त रफ्तार को देखते हुए जिलाधिकारी आलोक कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने काम में लापरवाही बरतने और बैठक से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों पर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश और मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी भी मौजूद रहे। समीक्षा में पाया गया कि अब तक केवल 25,746 किसानों की रजिस्ट्री हो पाई है, जबकि 48,400 किसान अब भी इस प्रक्रिया से बाहर हैं।
इस खराब प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए जिलाधिकारी ने सबसे पीछे चल रहे गांवों के लेखपालों, पंचायत सहायकों और कृषि कर्मियों को जवाब-तलब किया। बैठक से गैरहाजिर मिले पांच पंचायत सहायकों और एक रोजगार सेवक का मानदेय रोकने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित गांवों के सचिवों और खराब प्रदर्शन करने वाले दो लेखपालों का एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि वे अपने क्षेत्रों में कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करें और काम की नियमित निगरानी करें। शासन द्वारा 30 अप्रैल तक सभी किसानों की रजिस्ट्री पूरी करने का लक्ष्य दिया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अभिलेखों में नाम की गलती या अन्य तकनीकी बाधाओं को दो से तीन दिन के भीतर ठीक कर काम पूरा किया जाए।
Also Click : Hardoi : मारपीट और गाली-गलौज के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
What's Your Reaction?









