Sitapur : कार्य दबाव से परेशान BLO ने की आत्महत्या, सांसद और कांग्रेस अध्यक्ष ने जताया शोक
अजय राय ने SIR जैसे कार्यों में कर्मचारियों पर पड़ने वाले अनावश्यक दबाव की निंदा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन को कर्मचारियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य
संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
सीतापुर जिले के ग्राम पलिया रामपुर कलां में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के रूप में काम कर रहे अनुदेशक उमेश गौतम ने अत्यधिक कार्यभार के दबाव के कारण फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह दुखद घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। उमेश गौतम दरियापुर पूर्व माध्यमिक विद्यालय में अनुदेशक थे और 30 वर्ष के थे। परिजनों के अनुसार, SIR अभियान की जिम्मेदारी मिलने के बाद वे लगातार तनाव में थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की, लेकिन परिवार ने कार्य दबाव को मुख्य वजह बताया।
इस घटना पर सीतापुर सांसद राकेश राठौर और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय गांव पहुंचे। उन्होंने दिवंगत उमेश गौतम के शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और गहरी संवेदना जताई। दोनों नेताओं ने परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया। राकेश राठौर ने जिलाधिकारी से फोन पर बात की और पीड़ित परिवार को एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हों।
अजय राय ने SIR जैसे कार्यों में कर्मचारियों पर पड़ने वाले अनावश्यक दबाव की निंदा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन को कर्मचारियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए। कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह इस मुश्किल समय में परिवार के साथ खड़ी है और न्याय के लिए संघर्ष करेगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष ममता वर्मा, सुनीता चौधरी, डॉ. ब्रजबिहारी, हसीना खातून, रत्नम राठौर, राधेश्याम कनौजिया, हाफीज गाजी, पप्पू रस्तोगी, राजेश पाल, सुनीला रावत सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?











