Hardoi: मिशन शक्ति फेज-5 के तहत जिलेभर में महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक।
जनपद हरदोई में मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर व्यापक जागरूकता
हरदोई: जनपद हरदोई में मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
इसी क्रम में थाना कोतवाली शहर क्षेत्र स्थित अंबेडकर पार्क में बालिकाओं को जागरूक करते हुए उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। वहीं थाना टड़ियावां क्षेत्र के काली टंडियाव गांव में महिला आरक्षी पूजा तिवारी द्वारा महिलाओं व बालिकाओं को आपातकालीन नंबर 1090, 1076, 112, 181, 1098 एवं 1930 के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही बाल अपराध, गुड टच और बैड टच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूक किया गया तथा उनकी समस्याओं को सुना गया।
इसी तरह महिला थाना हरदोई की प्रभारी निरीक्षक निशा शुक्ला, उप निरीक्षक प्रियंका एवं महिला आरक्षी माधुरी द्वारा काली माता मंदिर, थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में महिलाओं को एकत्रित कर जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। यहां भी महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया।
वहीं मिशन शक्ति टीम एवं एंटी रोमियो टीम द्वारा कस्बा बेनीगंज के बाजार टोला स्थित राधाकृष्ण मंदिर में चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु महिलाओं को पंपलेट वितरित कर 112, 1090, 1930, 181, 108 एवं 102 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई और सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
इसके अतिरिक्त थाना सुरसा क्षेत्र के ग्राम जगतपुरवा स्थित श्री बाबा दुग्धेश्वर नाथ शिव शक्ति आश्रम में भी महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ बैठक आयोजित की गई। इस दौरान उन्हें आपातकालीन सेवाओं, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने अपनी समस्याएं साझा कीं, जिनके समाधान का भरोसा दिलाया गया।
इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस विभाग ने यह संदेश दिया कि महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण सरकार एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही महिलाओं को जागरूक रहकर किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
Also Read- Hardoi: 80 फीट ऊंचा ध्वज बाबा भूतनाथ को समर्पित, अहिरोरी में भव्य आयोजन।
What's Your Reaction?









