सरकारी कामकाज में एआई का दायरा बढ़ाएगा उत्तर प्रदेश, मुख्य सचिव बोले- सर्वम एआई के 'इंडस' प्लेटफॉर्म से आएगी पारदर्शिता
मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने सर्वम एआई के 'इंडस' प्लेटफॉर्म की कार्यशाला को संबोधित किया। उन्होंने सभी विभागों को एआई टूल्स अपनाने के निर्देश दिए।
लखनऊ। राज्य प्रशासन की कार्यप्रणाली को अधिक सुगम, पारदर्शी और तीव्र बनाने के उद्देश्य से योजना भवन में सर्वम एआई के 'इंडस' प्लेटफॉर्म पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने सभी सरकारी विभागों को अपने दैनिक कामकाज में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित संसाधनों और तकनीकी समाधानों का प्रयोग बढ़ाने पर जोर दिया।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक प्रशासनिक व्यवस्था में तकनीक के साथ कदम मिलाना आवश्यक है। सरकारी प्रक्रियाओं में एआई का उपयोग बढ़ाने से उत्पादकता, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व में सुधार होगा, साथ ही फाइलों व प्रशासनिक कार्यों के निस्तारण में लगने वाले समय में कमी आएगी। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी एआई के जिम्मेदारी पूर्ण प्रयोग के लिए प्रशिक्षित करने का आह्वान किया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों को सर्वम एआई द्वारा विकसित 'इंडस' प्लेटफॉर्म और 'इंडस कोवर्क' टूल की कार्यप्रणाली से व्यावहारिक रूप से परिचित कराना था। इस दौरान आयोजित प्रायोगिक सत्र में अधिकारियों ने एआई टूल के विभिन्न उपयोगों और प्रशासनिक संभावनाओं का प्रत्यक्ष अनुभव किया।
समारोह के दौरान नियोजन विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने मुख्य सचिव को स्मृति चिह्न भेंट किया। इस आयोजन में समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, स्टाम्प एवं पंजीकरण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा आईटी विभाग के प्रमुख सचिवों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता की।
Also Click : Hardoi News: राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने की तैयारी तेज, अधिकारियों को अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के निर्देश
What's Your Reaction?







