यूपी लोकायुक्त संगठन के 50वें स्थापना दिवस में शामिल होंगे सीएम योगी, स्मारिका का करेंगे विमोचन
उत्तर प्रदेश लोकायुक्त संगठन के 50वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्मारिका का विमोचन करेंगे। पांच दशक की उपलब्धियों पर विशेष प्रदर्शनी लगेगी।
लखनऊ। प्रशासनिक शुचिता, जनशिकायतों के समाधान और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले उत्तर प्रदेश लोकायुक्त संगठन के 50 वर्ष पूरे होने पर भव्य स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। गोमती नगर स्थित लोकायुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित होने वाले इस स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकायुक्त न्यायमूर्ति संजय मिश्रा करेंगे।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री लोकायुक्त प्रशासन द्वारा तैयार की गई विशेष स्मारिका और सूचना पुस्तिका का औपचारिक विमोचन करेंगे। यह प्रकाशन संगठन के विधिक अधिकारों, कार्यप्रणाली और नागरिकों की पहुंच को सुलभ बनाने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों पर आधारित है। इसके अतिरिक्त संस्थान परिसर में लोकायुक्त संगठन की पांच दशक की विकास यात्रा, प्रमुख जांच प्रकरणों और ऐतिहासिक उपलब्धियों को दर्शाती एक वृहद प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी के जरिए संगठन के गठन काल से लेकर वर्तमान डिजिटल दौर तक की कार्यप्रणाली के क्रमिक विकास और शासन में जवाबदेही सुनिश्चित करने के प्रयासों को प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें न्यायपालिका, शासन और प्रशासन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी सहभागिता करेंगे।
Also Click : एडवोकेट रीना एन सिंह पहुंचीं चुनाव आयोग, सपा और अखिलेश यादव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
What's Your Reaction?







