Hardoi: सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ जंग: सीडीओ ने किया HPV टीकाकरण का शुभारम्भ, 22 बच्चियों को लगा टीका।
जनपद में किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से सुरक्षित रखने हेतु अभियान का शुभारम्भ जिला महिला चिकित्सालय में
हरदोई: जनपद में किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से सुरक्षित रखने हेतु अभियान का शुभारम्भ जिला महिला चिकित्सालय में मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा द्वारा फ़ीता काटकर किया गया । इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि चौदहवाँ जन्मदिन मना चुकी परन्तु पन्द्रहवां जन्मदिन अभी नहीं मनाया है वे बच्चियां यह टीका लगवा सकती हैं । मेरा सभी अभिवावकों से अनुरोध है, कि वह अपनी बच्चियों का HPV टीकाकरण अवश्य कराएं और उन्हें सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखें । यह टीका बिल्कुल सुरक्षित है ।
मौके पर उपस्थित स्वाशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० जविन बिष्णु गोगोई ने बताया सर्वाइकल कैंसर वैश्विक स्तर पर चौथा सबसे आम कैंसर है। सर्वाइकल कैंसर ह्यूमन पैपिलोमावायरस के लगातार संक्रमण के कारण होता है । ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) से होने वाला सर्वाइकल कैंसर, एकमात्र ऐसा कैंसर है जिसका समय पर टीकाकरण द्वारा प्रभावी रूप से रोकथाम की जा सकती है।
कार्यक्रम में उपस्थित अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० अरविन्द सचान ने बताया कि यह टीका जिला महिला चिकित्सालय के द्वितीय तल पर प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह 09.00 बजे से दोपहर 02.00 बजे तक निःशुल्क लगाया जाएगा । टीके की एक ही डोज पर्याप्त है । टीकाकरण के समय आयु सत्यापन के समय कोई न कोई प्रमाण पत्र जैसे- स्कूल का आई०डी० कार्ड, आधार कार्ड, फोटोयुक्त मार्कशीट इत्यादि अवश्य लायें तथा टीकाकरण के समय खाली पेट ना आकर हल्का नाश्ता या भोजन अवश्य करके आयें ।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ० आर०के० सिंह ने बताया कि जनपद में लगभग 48000 बच्चियों को टीका लगाया जाना है, जिसके लिए पर्याप्त वैक्सीन उपलब्ध है । पहले तीन माह यह वैक्सीन जिला महिला चिकित्सालय में ही लगाई जायेगी, उसके उपरान्त समस्त सामु० स्वा० केन्द्रों पर उपलब्ध होगी । वैक्सीनेशन के समय अभिवावक की सहमति आवश्यक है । अभिवावक गण या अन्य कोई भी यूविन पोर्टल के माध्यम से टीकाकरण हेतु स्लॉट बुक कर सकता है । इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला महिला चिकित्सालय डॉ० सुबोध, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्री इन्द्र भूषण सिंह, हफीज़ खान तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे ।
What's Your Reaction?









