Sambhal: सम्भल में 25-26 मार्च को राज्य स्तरीय सेमिनार, बुजुर्गों की गरिमा और देखभाल पर होगा मंथन।
सम्भल में बुजुर्गों के सम्मान, देखभाल और उनके प्रति समाज में संवेदनशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से 25 और 26 मार्च 2026 को दो दिवसीय
उवैस दानिश, सम्भल
जनपद सम्भल में बुजुर्गों के सम्मान, देखभाल और उनके प्रति समाज में संवेदनशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से 25 और 26 मार्च 2026 को दो दिवसीय राज्य स्तरीय सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। यह सेमिनार मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन, बदायूँ दरवाजा, हसनपुर रोड द्वारा आयोजित किया जा रहा है। सेमिनार का मुख्य विषय “Educating for Dignity and Care: Role of Teacher and Education Institution in Promoting Elderly Well-being and Intergenerational Sensitization” रखा गया है, जिसमें शिक्षकों और शिक्षण संस्थानों की भूमिका पर विशेष चर्चा होगी।
प्रेस वार्ता में डॉ. मौहम्मद साहिल खान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम के लिए प्रस्ताव मंत्रालय को भेजा गया था, जिसे मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि सेमिनार का उद्देश्य समाज में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और देखभाल की भावना को मजबूत करना है, साथ ही नई पीढ़ी को बुजुर्गों के प्रति संवेदनशील बनाना भी इस पहल का प्रमुख लक्ष्य है। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षाविद्, शोधार्थी और छात्र-छात्राएं भाग लेंगे, जो बुजुर्गों से जुड़े सामाजिक, भावनात्मक और मानवीय मुद्दों पर अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे। यह सेमिनार केवल शैक्षणिक चर्चा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पीढ़ियों के बीच संवाद, सहानुभूति और सहयोग को बढ़ावा देने का प्रयास भी करेगा। इस आयोजन को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल डिफेंस, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार का सहयोग प्राप्त है। सेमिनार में मंत्रालय की ओर से तान्या गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और इस विषय पर विशेष व्याख्यान देंगी। साथ ही जिले के उच्च अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है, ताकि इस पहल को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाया जा सके। आयोजकों ने अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं से इस सेमिनार में भाग लेने की अपील की है, ताकि समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया जा सके।
Also REad- Sitapur : प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत 90 हजार लाभार्थियों को पहली किस्त मिली
What's Your Reaction?









