Sambhal: तमन्ना मलिक की कांवड़ यात्रा पर प्रशासन की रोक! SDM कोर्ट का नोटिस, पति अमन त्यागी ने उठाए बड़े सवाल
हरिद्वार से कांवड़ लाने की घोषणा करने वाली सम्भल की तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को स्थानीय प्रशासन
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: हरिद्वार से कांवड़ लाने की घोषणा करने वाली सम्भल की तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को स्थानीय प्रशासन ने नोटिस जारी किया है। पुलिस ने दोनों की प्रस्तावित कांवड़ यात्रा को लेकर शांति भंग की आशंका जताई है। इसी आधार पर SDM कोर्ट से नोटिस जारी किया गया है, जिसके तहत दोनों को जमानत कराकर मुचलका भरना होगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अमन त्यागी ने सवाल उठाते हुए कहा कि हरिद्वार जाकर कांवड़ लाने की घोषणा के कुछ समय बाद ही उन्हें नोटिस मिला। उनका आरोप है कि नोटिस में कपड़ों और बुर्के को लेकर भी आपत्ति जताई गई है। उन्होंने कहा, क्या महादेव की नगरी में कौन क्या पहनकर जाएगा, यह भी अब प्रशासन तय करेगा? अमन त्यागी ने अपने बयान में टीवी धारावाहिक जोधा अकबर का भी जिक्र करते हुए कहा कि जब करोड़ों हिंदुओं ने वह धारावाहिक देखा, तब किसी की भावनाएं आहत नहीं हुईं। उन्होंने सवाल किया कि यदि उनकी पत्नी तमन्ना मलिक बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा करती हैं तो इससे लोगों की भावनाएं कैसे आहत हो जाती हैं। उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई को अनुचित बताते हुए लोगों से इस पूरे मामले पर अपनी राय देने की अपील की है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष तमन्ना मलिक बुर्का पहनकर हरिद्वार से कांवड़ लेकर सम्भल पहुंची थीं। उस दौरान हिंदू समुदाय के कई लोगों ने उनका स्वागत किया था और उनकी कांवड़ यात्रा सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी। कांवड़ का जल बालयोगी दीनानाथ द्वारा चढ़वाया गया था। अब इस बार प्रशासन द्वारा शांति व्यवस्था का हवाला देते हुए यात्रा से पहले की गई कार्रवाई ने पूरे मामले को चर्चा का विषय बना दिया है। एक ओर प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बात कह रहा है, तो दूसरी ओर अमन त्यागी और तमन्ना मलिक इसे अपनी धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़ा मुद्दा बता रहे हैं। मामला अब स्थानीय स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बनता नजर आ रहा है।
What's Your Reaction?




