Saharanpur: आसिम मलिक की घर वापसी- भगत सिंह वर्मा
आज यहां महफूज गार्डन चिलकाना रोड पर एक बैठक को संबोधित करते हुए पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा व भारतीय किसान
सहारनपुर: आज यहां महफूज गार्डन चिलकाना रोड पर एक बैठक को संबोधित करते हुए पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा व भारतीय किसान यूनियन वर्मा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि पृथक राज्य निर्माण के लिए आसिम मलिक ने भारतीय किसान यूनियन टिकैत को छोड़कर फिर से भारतीय किसान यूनियन वर्मा व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा का दामन पकड़ लिया है। आसिम मलिक का भारतीय किसान यूनियन वर्मा में एक बार फिर स्वागत है। उनसे पुनः आशा है कि वे पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण व किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीरता से संघर्ष में भाग लेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा का परिवार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों में लगातार बढ़ता जा रहा है। अब वह दिन दूर नहीं जब पश्चिम प्रदेश का निर्माण होगा और यहां की 8 करोड़ जनता को उनका हक मिलेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों में संघर्ष तेज कर दिया गया है। जल्द ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पृथक राज्य को लेकर एक बड़े आंदोलन की शुरुआत होगी।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश हित में व उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ लोगों के हित में उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटकर पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण करें। भगत सिंह वर्मा ने कहा कि आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों का लखनऊ में भारी शोषण हो रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास, शिक्षा और चिकित्सा पर लखनऊ में बैठे मुख्यमंत्री और नेताओं का कोई ध्यान नहीं है। लखनऊ की सरकार लगातार पश्चिमी उत्तर प्रदेश की उपेक्षा करती आ रही है, जिसे अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण होते ही यहां हाई कोर्ट और राजधानी होगी, शिक्षा और चिकित्सा बेहतर होगी, शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा तथा भ्रष्टाचार समाप्त होगा। यहां की 8 करोड़ जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान होगा। भगत सिंह वर्मा ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिवक्ता पिछले 45 वर्षों से हाई कोर्ट बेंच की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन आज तक सरकार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट की बेंच स्थापित नहीं कर पाई, जो यहां की जनता के साथ अन्याय है।
उन्होंने सभी लोगों से पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण के संघर्ष में शामिल होने का आह्वान किया, ताकि यहां हाईकोर्ट, राजधानी और सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक में भारतीय किसान यूनियन वर्मा के प्रदेश महामंत्री आसिम मलिक ने कहा कि वह कुछ समय बाद फिर अपने घर लौट आए हैं और अब राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा के नेतृत्व में किसानों की समस्याओं के लिए संघर्ष में भागीदारी करेंगे तथा पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण में अपना पूरा योगदान देंगे। उन्होंने पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण को जरूरी बताते हुए युवा शक्ति से आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
बैठक में डॉ. अब्दुल खालिक को मंडल प्रभारी, अब्दुल सत्तार को महानगर मंत्री तथा मोहम्मद गुलबहार को सेक्टर अध्यक्ष नियुक्त किया गया। बैठक की अध्यक्षता हाजी वली मोहम्मद ने की तथा संचालन समीर राव ने किया।
इस दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी दुष्यंत सिंह, प्रदेश सचिव एजाज अहमद, प्रदेश संगठन मंत्री धर्मवीर चौधरी, जिला संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह एडवोकेट, जिला उपाध्यक्ष मुकर्रम प्रधान, अर्सलान राव, वली उल्लाह, मोहम्मद सलमान, खालिद मलिक, शाह नजर सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Also Read- जनमत का अपमान हुआ तो खाली हो जाएंगी विधानसभा की सीटें, विजय ने 'द्रविड़ किलों' को हिलाकर रख दिया
What's Your Reaction?


