Sitapur News: चुनका में DM का औचक निरीक्षण- खामियां मिलते ही एक्शन, ANM पर कार्रवाई; प्रधानाध्यापक-शिक्षकों का वेतन रोकने के आदेश
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने विकास खंड पहला के ग्राम चुनका में वीएचएसएनडी सत्र, प्राथमिक विद्यालय और उचित
संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
सीतापुर: जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने विकास खंड पहला के ग्राम चुनका में वीएचएसएनडी सत्र, प्राथमिक विद्यालय और उचित दर की दुकान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में मिली कमियों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
वीएचएसएनडी सत्र के दौरान गर्भवती महिलाओं के वैक्सीनेशन में कमी और अन्य गंभीर खामियां मिलने पर जिलाधिकारी ने एएनएम के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। आंगनबाड़ी के विभागीय अभिलेखों में त्रुटियां मिलने पर उन्हें तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण में पके भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक मिली, लेकिन विद्यालय की बाउंड्रीवाल टूटी और क्षतिग्रस्त मिली। इस पर जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक को कड़ी फटकार लगाते हुए कंपोजिट ग्रांट से बाउंड्रीवाल की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही मरम्मत समेत निर्धारित कार्य पूरे होने तक प्रधानाध्यापक और सभी शिक्षकों का वेतन अग्रिम आदेश तक आहरित नहीं करने के निर्देश दिए। खंड शिक्षा अधिकारी का स्पष्टीकरण भी तलब किया गया।

विद्यालय की व्यवस्थाओं की निगरानी में लापरवाही पर जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी कड़ी हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उचित दर की दुकान के निरीक्षण में स्टॉक, कार्डधारकों और अंत्योदय कार्डधारकों से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। डीएम ने राशन में घटतौली मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं उचित दर की दुकानों का नियमित निरीक्षण न करने पर पूर्ति निरीक्षक रूपेश जैन को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. सुखरंजन समद्दर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read- Crime News: पूर्वोत्तर सीमा पर DRI की बड़ी कार्रवाई, दो अभियानों में 76 किलो मेथम्फेटामाइन की गोलियां जब्त; दो गिरफ्तार
What's Your Reaction?